प्रशासन के दावों का फिर निकला दम, भागसूनाग व मैक्लोडगंज में जाम ने छुड़ाए पसीने

Monday, Jul 15, 2019 - 04:27 PM (IST)

धर्मशाला (नरेश): मैदानी राज्यों में पड़ रही रिकार्डतोड़ गर्मी से निजात पाने के लिए मैक्लोडगंज पहुंचे पर्यटकों को बेशक मौसम राहत दे रहा है लेकिन यहां की सड़कों पर लगने वाला जाम सैलानियों के खूब पसीने छुड़ा रहा है। इसके चलते कई पर्यटक मैक्लोडगंज से लौट कर धर्मशाला समेत नजदीकी क्षेत्रों की ओर रुख करने के लिए मजबूर हुए। एक बार फिर अत्यधिक वाहनों के मैक्लोडगंज में पहुंचने से ट्रैफिक व्यवस्था दम तोड़ती नजर आई। मैक्लोडगंज के लोगों की मानें तो मैक्लोडगंज में आड़े-तिरछे वाहन पार्क करना जाम की मुख्य वजह है। वीकैंड पर मैक्लोडगंज में 4 हजार से ज्यादा पर्यटक पहुंचते हैं जबकि सप्ताह के शुरूआती दिनों में यह आंकड़ा 1 से डेढ़ हजार में सिमट जाता है।

जाम की यह है वजह

मैक्लोडगंज चौक पर मेन रोड के अलावा खड़ा डंडा रोड, भागसूनाग रोड, धर्मकोट रोड व नड्डी रोड मिलते हैं। इस चौक पर गाडिय़ों के फंसने के साथ ही जाम लगना शुरू हो जाता है। इसके अलावा भागसूनाग व धर्मकोट को जाने वाले सभी रास्तों पर अतिक्रमण होने के चलते स्थिति और भी विकट हो जाती है। व्यापार मंडल, होटल एवं रैस्टोरैंट एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है हीरू-इंद्रुनाग सड़क बन जाए और इसे कर्मू मोड़ पर जोड़ा जाए तो जाम की समस्या से राहत मिल सकती है।

एफ.सी.ए. क्लीयरैंस ने रोकी वैकल्पिक मार्गों की राह

बता दें कि दाडऩू के चौहला से भागसूनाग के लिए लोक निर्माण विभाग करीब साढ़े 6 किलोमीटर सड़क का निर्माण कर रहा है। करीब 4 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है जबकि एफ.सी.ए. क्लीयरैंस के कारण अभी अढ़ाई किलोमीटर निर्माण कार्य शेष है। इस सड़क के बनने से भागसूनाग के लिए वैकल्पिक मार्ग के साथ वन-वे बनाया जा सकता है।

क्या कहता है प्रशासन

ए.एस.पी. कांगड़ा दिनेश कुमार ने बताया कि  मैक्लोडगंज व भागसूनाग में यातायात प्रबंधन के लिए 30 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है जो यहां पर यातायात व्यवस्था संभाले हुए है। रही बात जाम लगने की तो पुलिस प्रशासन ने दोनों तरफ का रास्ता क्लीयर करके खुलवा दिया है। जो लोग सड़क किनारे आड़े-तिरछे वाहन खड़े करके इधर-उधर चले जाते हैं उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।

Vijay