भयानक हादसा: रेत से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंदा बाइक सवार, गंभीर हालत में DMC लुधियाना रैफर
punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2026 - 07:06 PM (IST)
ठाकुरद्वारा (गगन): कांगड़ा जिले के इंदौरा उपमंडल के अंतर्गत आते ठाकुरद्वारा गांव के मुख्य रास्ते पर पीर बाबा मंदिर के समीप एक भयानक सड़क हादसा पेश आया है। यहां रेत से भरी एक कथित ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में ट्रॉली के भारी-भरकम डबल टायर के नीचे आने से 36 वर्षीय बाइक सवार की एक टांग बुरी तरह कुचल गई। घायल युवक को गंभीर हालत में डीएमसी लुधियाना रैफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर चालक रफी मुहम्मद पुत्र शरीफ अली निवासी सनोर, मंड घंडरा रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर ठाकुरद्वारा गांव के मुख्य रास्ते से पंजाब की ओर जा रहा था। जब वह 33 केवी सब-स्टेशन ठाकुरद्वारा से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित पीर बाबा मंदिर के पास पहुंचा, उसी दौरान मलकाना की ओर से संजीव कुमार पुत्र शमशेर सिंह निवासी मलकाना अपनी मोटरसाइकिल पर अपने भतीजे के साथ ठाकुरद्वारा की ओर आ रहा था।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में बहुत अधिक ऊंचाई तक रेत भरी हुई थी, जिसके कारण चालक पीछे की ओर ठीक से नहीं देख पाया। ट्रैक्टर को दूसरी तरफ मोड़ने और आगे बढ़ाने के दौरान उसने अपनी साइड से जा रहे मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया, जिससे संजीव कुमार की टांग ट्रॉली के टायर के नीचे आ गई। हादसे के बाद परिजन घायल संजीव कुमार को मुकेरियां के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद युवक की गंभीर और नाजुक हालत को देखते हुए उसे तुरंत डीएमसी लुधियाना रैफर कर दिया। परिजनों के अनुसार अस्पताल में घायल की हालत अभी भी बेहद गंभीर बनी हुई है।
बिना नंबर का था ट्रैक्टर, पुलिस ने किया मामला दर्ज
इस पूरे मामले में एक बड़ी लापरवाही यह भी सामने आई है कि हादसे में शामिल रेत से भरे इस ट्रैक्टर पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा की टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपी ट्रैक्टर चालक रफी मुहम्मद के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

