सराजघाटी में पर्यटन को लगेंगे पंख, CM जयराम ने दी करोड़ों की सौगात

Thursday, Oct 11, 2018 - 04:18 PM (IST)

मंडी (नीरज): मंडी जिला की सराजघाटी के पर्यटन को नए पंख लगने जा रहे हैं। सीएम जयराम ठाकुर ने वीरवार को अपने सराज दौरे के दौरान सराज में जिन परियोजनाओं की आधारशिलाएं रखी। उससे भविष्य में सराजघाटी पर्यटन की दृष्टि से एक अलग पहचान बनाने में कामयाब होगी। सीएम ने ढीम कटारू में 27 करोड़ की लागत से बनने वाले प्रदेश के पहले टूरिस्ट कल्चर सेंटर का शिलान्यास किया। इस सेंटर का निर्माण प्राचीन शैली में किया जाएगा और यहां आने वाले पर्यटकों को इसका पूरा लाभ मिलेगा। इसमें प्राचीन शैली के कमरे बनाए जाएंगे जहां पर्यटक अपनों के साथ सकून के पल बीता सकेंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि इस प्रोजैक्ट से सराजघाटी के पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और यहां आने वाले पर्यटकों को सुविधा प्राप्त होगी। 


उन्होंने बताया कि पर्यटक कुल्लू-मनाली और शिमला को छोड़कर अनछुए पर्यटन स्थलों पर पहुंचे इस दिशा में सरकार प्रयासरत है। जहां जिस लिहाज से पर्यटन को विकसित किया जा सकता है वहां उसी तरह से इसे विकसित करने की योजना सरकार ने बना ली है। उन्होंने भुलाह में बायो डायवर्सिटी पार्क की आधारशिला भी रखी। शिकारी देवी और ज्यूणीघाटी के वन क्षेत्र को इसमें शामिल किया गया है। तीन वर्षों में इस परियोजना के तहत 3 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। जो भी पर्यटक यहां घूमने आएंगे उन्हें वन्य प्राणी और प्रजातियों के बारे में संपूर्ण जानकारी मुहैया करवाई जाएगी। साथ ही यहां वन्य प्राणीयों और प्रजातियों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा। 


जयराम ने बताया कि धार्मिक पर्यटन स्थल शिकारी देवी को रोप-वे के साथ जोड़ने की योजना व्यवहारिक रूप से आगे बढ़ रही है और जल्द ही इसे अमलीजामा पहना दिया जाएगा। इससे पहले जयराम ठाकुर ने करीब आधा दर्जन सड़कों का भूमि पूजन करके उनके कार्य का शुभारंभ किया। वहीं उन्होंने जंजैहली में लोक निर्माण विभाग के नवसृृजित मंडल कार्यालय का शुभारंभ और इसके भवन की आधारशिला भी रखी। वहीं जयराम ठाकुर ने दो स्कूलों के भवनों की आधारशिला भी रखी। इस दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, गोबिंद ठाकुर और विधायक राकेश जम्वाल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

Ekta