सैलानियों का इंतजार हुआ खत्म, चंडीगढ़ से भुंतर के लिए शुरू हुई हवाई सेवाएं

Thursday, Oct 05, 2017 - 02:33 PM (IST)

कुल्लू: हिमाचल आने वाले सैलानियों के लिए एक खुशखबरी है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुल्लू-मनाली में चंडीगढ़ से भुंतर के लिए हवाई सेवाएं शुरू हो गई है। केंद्रीय राज्य पर्यटन मंत्री जयंत सिन्हा ने वीरवार 5 अक्टूबर को 11:30 बजे के करीब भुंतर-चंडीगढ़-भुंतर हवाई उड़ान का शुभारंभ किया। इस दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और सांसद राम स्वरूप शर्मा भी मौजूद रहे। 


72 सीटर नई हवाई सेवा से कुल्लू-मनाली के पर्यटन को लगे पंख
बताया जाता है कि भुंतर-चंडीगढ़ के बीच शुरू हुई एयर इंडिया की 72 सीटर नई हवाई सेवा से कुल्लू-मनाली के पर्यटन को पंख लगे हैं। भुंतर-चंडीगढ़ हवाई सेवा का किराया मात्र 4,000 रुपए है। उधर, विधायक गोविंद सिंह ठाकुर ने सेवा शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री जयंत सिन्हा का आभार जताया। 


यह रहेगा फ्लाइट शैड्यूल
एयर इंडिया की 72 सीटर भुंतर-चंडीगढ़ हवाई सेवा के शैड्यूल के मुताबिक पहली फ्लाइट सुबह 6.45 पर दिल्ली के लिए रवाना होगी जोकि प्रात: 8.05 पर भुंतर पहुंचेगी। दूसरी फ्लाइट 8.35 पर भुंतर से चंडीगढ़ के लिए रवाना होगी तथा 9.20 पर चंडीगढ़ पहुंचेगी। इसके बाद 9.50 पर चंडीगढ़ से कुल्लू के लिए हवाई जहाज उड़ान भरेगा जो 10.35 पर कुल्लू लैंड होगा। तीसरी फ्लाइट दिल्ली के लिए 11.05 पर होगी जो 12.25 पर दिल्ली पहुंचेगी।