पर्यटक वाहनों ने लाहौल के लोगों की बढ़ाई दिक्कतें, पढ़ें क्या है वजह

Saturday, May 05, 2018 - 05:12 PM (IST)

मनाली : गुलाबा से आगे मढ़ी तक पर्यटक वाहनों को छोडऩे से जनजातीय क्षेत्र के लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। मढ़ी और राहलाफाल के बीच रोजाना करीब 4-5 घंटे तक जाम लग रहा है। मढ़ी से नीचे ब्यासनाला के आसपास पर्यटक वाहनों को बेतरतीब पार्क किए जाने से यह समस्या पेश आ रही है। मनाली से लाहौल और लाहौल से मनाली की तरफ  आने वाले यात्रियों को जाम का खमियाजा भुगतना पड़ रहा है। जाम के कारण निगम की लंबे रूटों की बसें भी कई घंटे देरी से अपने गंतव्य तक पहुंच रही हैं। जनजातीय क्षेत्र के लोगों का कहना है कि मनाली प्रशासन और पुलिस जनजातीय लोगों को इस जाम से निजात दिला सकते हैं। 

तंग स्थानों पर पुलिस जवानों को तैनात कर दिया
पूर्व जिप सदस्य रिगजिन हायरपा और भाजपा एस.टी. मोर्चा के प्रदेश सचिव जवाहर शर्मा ने कहा कि मढ़ी में बर्फ  पूरी तरह पिघल चुकी है। टैक्सी चालकों को सैलानियों को ब्यासनाला उतार कर वाहनों को मढ़ी में पार्क करना चाहिए। अगर मनाली प्रशासन और पुलिस टैक्सी चालकों को मढ़ी में वाहनों को पार्क करने के आदेश जारी करें तो जाम की समस्या से निजात मिल सकती है। यात्री छेरिंग, आशा बोध, दिनेश, किशन, विनोद, संगीता व हरीश ने बताया कि ब्यासनाला के समीप हाईवे में वाहनों को बेतरतीब खड़ा करने से 4-5 घंटे तक रोजाना जाम लग रहा है। उधर, एस.डी.एम. मनाली रमन घरसंगी ने बताया कि तंग स्थानों पर पुलिस जवानों को तैनात कर दिया गया है। बी.आर.ओ. को सड़क किनारे रखे पत्थरों को हटाने को कहा गया है। वाहन चालकों से भी आग्रह किया है कि वे अपने वाहनों को चिन्हित स्थानों में ही 
पार्क करें।

kirti