एशिया के सबसे ऊंचे गांव में फंसे सैलानी, फरिश्ता बनकर पहुंचे पुलिस जवान

Thursday, Mar 22, 2018 - 08:55 PM (IST)

कुल्लू: बर्फ से ढके एशिया के सबसे ऊंचे गांव हिक्किम से पुलिस की टीम ने मुम्बई के दम्पति को रैस्क्यू कर सुरक्षित निकाला। मुम्बई के 4 लोग दोपहिया वाहनों पर हिक्किम गए थे। जब बुधवार को उनका हिक्किम से वापस लौटने का वक्त हुआ तो इस दौरान बर्फ बारी का क्रम और तेज हो गया। एक दोपहिया वाहन में सवार 2 लोग तो आगे निकल गए लेकिन अन्य दोपहिया वाहन पर सवार दम्पति रास्ते में फंस गया। यदि इन्हें पुलिस दल द्वारा रैस्क्यू नहीं किया जाता तो उनकी बर्फ के बीच मौत हो सकती थी। पुलिस की टीम उन्हें रैस्क्यू कर काजा लेकर आई। 

सैलानी बोले-ऐसा लगा था कि अब उनकी मौत निश्चित है
इन सैलानियों ने कहा कि उन्हें ऐसा लगा था कि अब उनकी मौत निश्चित है। रैस्क्यू किए गए इन सैलानियों में कोरेगांव ईस्ट मुंबई के अम्यंक लिंकर और उनकी पत्नी अमरुद्धा शामिल हैं। बता दें कि हिक्किम एशिया का सबसे ऊंचा गांव है। इस जगह पर ही यदि ये सैलानी रुकते तो इतनी मुश्किल न होती। गांव में इन्हें रहने और खाने को कुछ मिल सकता था और इनकी जान को भी कोई खतरा नहीं था। ये हिक्किम से निकल गए और रास्ते में ये भारी बर्फबारी के बीच फंस गए। इन्हें काजा से गए पुलिस दल ने सुरक्षित बाहर निकाला और काजा तक पहुंचाया। 

इन तीन पुलिस जवानों ने बचाई सैलानियों की जान
डी.एस.पी. मुकेश कुमार ने बताया कि रैस्क्यू टीम में पुलिस के 3 जवान शामिल रहे। सुशील कुमार, शुभम नेगी और हेमराज ने बर्फ में फंसे दम्पति को सुरक्षित काजा पहुंचाया। लाहौल-स्पीति के एस.पी. राजेश धर्माणी ने बताया कि रैस्क्यू किए गए सैलानियों को बुधवार शाम को काजा में ठहराया गया। ठंड में ठिठुरने के कारण इन्हें पुलिस ने अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार भी दिलाया। उन्होंने कहा कि इनके 2 अन्य साथी आगे निकल गए थे लेकिन ये दोनों बर्फ के बीच फंस गए। अब इन्हें काजा से वापस भेज दिया गया है।

Punjab Kesari