टूरिज्म की संभावनाओं पर काम कर रही सरकार, 3000 करोड़ की योजना मंजूर : आरएस बाली

Tuesday, Dec 12, 2023 - 09:35 PM (IST)

हमीरपुर (पुनीत): मंगलवार को उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी में एग्री फैस्ट-2023 यानि कृषि उत्सव-2023 आयोजित किया गया, जिसका शुभारंभ हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने बतौर मुख्यातिथि किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प जैसे गुणों को आत्मसात करके सफलता के शिखर पर पहुंचें तथा हिमाचल की ताकत बनें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन की संभावनाओं के विस्तार एवं इनके उचित दोहन के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार एक नई सोच के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश के चहुुंमुखी विकास के लिए मुख्यमंत्री कई बड़ी योजनाएं बना रहे हैं। 

100 करोड़ की लागत से बनाए जाएंगे 3 बड़े आईस स्केटिंग रिंक 
प्रदेश में टैंपल, एडवैंचर व वाटर टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं, जिन पर प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में पर्यटन उद्योग के विस्तार के लिए 3000 करोड़ रुपए की एक महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि कांगड़ा जिले के वनखंडी में लगभग 690 करोड़ रुपए की लागत से वन्य प्राणी उद्यान की स्थापना की जाएगी, जिससे वन्य प्राणियों के संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 100 करोड़ रुपए की लागत से 3 बड़े आईस स्केटिंग रिंक बनाए जाएंगे। बेरोजगार युवाओं के लिए ई-टैक्सी योजना आरंभ की गई है। 

डाॅ. वाईएस परमार विश्वविद्यालय व नेरी महाविद्यालय ने प्रदेश व देश को दिए कई बड़े वैज्ञानिक एवं विशेषज्ञ
कृषि उत्सव के आयोजन के लिए डाॅ. वाईएस परमार उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय और इसके अधीन नेरी के महाविद्यालय की सराहना करते हुए आरएस बाली ने कहा कि इन संस्थानों ने प्रदेश और देश को कई बड़े वैज्ञानिक एवं विशेषज्ञ दिए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के सशक्त नेतृत्व की सराहना करते हुए आरएस बाली ने कहा कि बरसात के मौसम में आई भीषण आपदा के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं फील्ड में उतरकर बचाव एवं राहत कार्यों को गति प्रदान की तथा रात-दिन लगातार कार्य किया। मुख्यमंत्री समाज के सभी वर्गों के उत्थान एवं कल्याण और विशेषकर अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। 

काॅलेज परिसर में स्टेज के लिए 15 लाख की घोषणा
आरएस बाली ने इस अवसर पर उन्होंने काॅलेज परिसर में स्टेज के कार्य के लिए 15 लाख रुपए और लाइब्रेरी के लिए 5 लाख रुपए का प्रावधान करने की घोषणा भी की। इस अवसर पर उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के कुलपति डाॅ. राजेश्वर सिंह चंदेल और स्थानीय महाविद्यालय के डीन डाॅ. कमल शर्मा ने संस्थान की उपलब्धियों एवं गतिविधियों और कृषि उत्सव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में कांगड़ा के पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू, कांग्रेस नेता डाॅ. पुष्पेंद्र वर्मा, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, काॅलेज के अधिकारी, विभिन्न स्कूलों के प्रभारी एवं प्रतिभागी विद्यार्थी भी उपस्थित थे।

दुबई दौरे के बाद हिमाचल आएंगे इन्वैस्टर
पत्रकारों के साथ बातचीत में आरएस बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश की जनता के हित में न दिन देखा है और न रात देखी है। अब दुबई दौरा भी बेहद अहम है। इस दौरे के दौरान वहां के बड़े-बड़े इन्वैस्टर को प्रदेश में लाने का प्रयास किया जाएगा। प्रदेश को 2 नए मंत्री मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू के पुराने सभी मंत्री बेहतर कार्य कर रहे हैं तथा सभी को सरकार में इज्जत मान दिया जा रहा है। अब नए मंत्रियों से भी यही अपेक्षा रहेगी कि वे भी बेहतरीन कार्य करेंगे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay