परीक्षा दी, टाॅप भी किया, लेकिन...

Friday, Mar 26, 2021 - 11:51 AM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र) : वो हर परीक्षा में अव्वल आता था। जब भी अव्वल आता अपने परिवार के साथ अपनी खुशियों को बांटता था। अपनी सफलता को परिवार के साथ खुशियों से मनाता था। एक बार फिर उसने एक परीक्षा दी थी। इस परीक्षा में भी उसने टाॅप किया था। 24 मार्च को जब इस परीक्षा का रिजल्ट आया और उसने टाॅप किया तो वो अपनी इस सफलता को अपने परिवार के साथ मनाने के लिए इस दुनियां में ही नहीं था। देश की सेवा का जज्बा लिए ऊना के कंवर राजेश्वर ने संयुक्त रक्षा सेवाएं (सी.डी.एस.) की परीक्षाएं दी थी, परंतु जब उस परीक्षा का परिणाम आया तो वह उसे देखने के लिए इस दुनियां में नहीं था। परिणाम आने के कुछ दिन पूर्व ही एक सड़क हादसे ने उसकी जान ले ली थी। 

माता-पिता अपने इस होनहार पुत्र कंवर राजेश्वर की उपलब्धि पर क्या प्रतिक्रिया प्रकट करें यह उन्हें समझ नहीं आ रहा है। नगर पंचायत मैहतपुर-बसदेहड़ा के पिता हिम्मत सिंह अर्धसैनिक बल में तैनात हैं जबकि माता पूर्व पार्षद रंजना कंवर का इकलौता बेटा फरवरी में ही माता-पिता व परिजनों को बिलखता छोड़ दुनिया को अलविदा कर गया। कहां तो वह सी.डी.एस. (संयुक्त रक्षा सेवाएं) के जरिए देश सेवा करना चाहता था। ऐसा उसने कर भी दिखाया लेकिन परीक्षा परिणाम देखने के लिए वह इस दुनिया में नहीं है। 23 मार्च को जब रिजल्ट आया तो उसने टॉप तो किया परन्तु अब इसका क्या लाभ। 

हमेशा हर परीक्षा परिणाम में अव्वल आने वाले 22 वर्षीय कंवर राजेश्वर ने 7 फरवरी, 2021 को सी.डी.एस. की परीक्षा दी थी और उसका परिणाम 23 मार्च को घोषित हुआ है। इसमें कंवर राजेश्वर ने टॉप रैंक से यह परीक्षा पास की है। कंवर राजेश्वर ने प्लस टू एम.आई.ए. डी.ए.वी. स्कूल मैहतपुर से जबकि डी.ए.वी. काॅलेज चंडीगढ़ से बी.एससी करने के उपरांत वह सी.डी.एस. में अपीयर हुए थे। एक सडक हादसे ने गत फरवरी माह में इस अनमोल रतन को छीन लिया था।
 

Content Writer

prashant sharma