लाहौल-स्पीति में प्रस्तावित हाईड्रो प्रोजैक्ट को लेकर उठे विरोध के स्वर (Video)

Friday, Dec 20, 2019 - 09:07 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप): जिला लाहौल-स्पीति में प्रस्तावित हाईड्रो प्रोजैक्ट के विरोध में जिले के जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सेव लाहौल-स्पीति के अध्यक्ष प्रेम चंद कटोच ने पत्रकार वार्ता के दौरान साफतौर पर कहा कि लाहौल-स्पीति में प्रोजैक्ट को बनने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने जिले में बनने वाले प्रोजैक्टों पर चिंता जताते हुए कहा कि इन प्रोजैक्टों से जिले का वातावरण प्रभावित होगा। वहीं भूकंप जोन-5 में आने वाले क्षेत्र में भूकंप गतिविधियां बढ़ जाएंगी। उन्होंने कहा कि लाहौल में तबाही लाने वाले प्रोजैक्ट उन्हें किसी भी सूरत में मंजूर नहीं है। इन प्रोजैक्ट का व्यापक स्तर पर विरोध किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि चिनाब नदी पर प्रोजैक्ट को लेकर एमओयू साइन हुए हैं, जिनका हम कड़ा विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बताया गया है कि 3 साल तक कोई भी प्रोजैक्ट डिवैल्पमैंट के लिए एनओसी नहीं लेनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि वे सरकार से पूछना चाहते हैं कि क्या फोरैस्ट राइट एक्ट व पैसा एक्ट के अंतर्गत भी एनओसी लेने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी जबकि वे हमारे संवैधानिक अधिकार हैं। उन्होंने कहा कि शैड्यूल ट्राइबल एरिया होने के कारण जब तक कोई भी विकास का काम ग्राम सभा से कंसल्ट नहीं किया जाता है तो वह कार्य नहीं किया जाएगा। उनके लिए गांव से एनओसी लेना अति आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि सरकार यहां मैगा प्रोजैक्ट लाकर ईको टूरिज्म और टूरिज्म को बढ़ावा देने की बात कर रही है। क्या ये दोनों साथ-साथ चल पाएंगे। उन्होंने कहा कि जब यहां मैगा प्रोजैक्ट का कार्य शुरू होगा तो यहां पर आपदा बहुत अधिक मात्रा में होगी। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि यहां पर मैगा प्रोजैक्ट न हो अगर लाना ही है तो ईको टूरिज्म, बागवानी व हर्बल प्लांट पर जोर दिया जाए।

उन्होंने कहा कि 29 दिसम्बर को एक डॉक्यूमैंट्री लॉन्च कर रहे हैं, जिसका नाम हीम दरा पर्यावरण समूह है। इसमें किन्नौर में मैगा प्रोजैक्ट की वजह से जो आपदा हुई है, उसके बारे में लोगों को जागरूक करेंगे। इसमें फोरैस्ट एक्ट व पैसा एक्ट के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मौसम के खुलते ही लाहौल के गांव व पंचयातों मे जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।

Vijay