कल सिरमौर लाए जाएंगे चंडीगढ़ में फंसे जिला के लोग

Monday, May 04, 2020 - 08:07 PM (IST)

नाहन (सतीश शर्मा) : सरकार ने बाहरी राज्यों में फंसे हिमाचल के लोगों को लाने की कवायद बड़े स्तर पर शुरू कर दी है। चंडीगढ़ में फंसे सिरमौर जिला के लोगों को लाने के लिए सोमवार देर शाम 6 बसे नाहन से चंडीगढ़ रवाना हुई। जिला मुख्यालय नाहन से 6 बसों को सैनिटाइज कर चंडीगढ़ भेजा गया है जो मंगलवार को चंडीगढ़ में फंसे लोगों को लेकर वापस नाहन पहुंचेगी। लोगो को चंडीगढ़ गई टीम का जिम्मा जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा को सौंपा गया है। मीडिया से बात करते हुए विवेक अरोड़ा ने कहा कि पूरी तैयारी के साथ टीम चंडीगढ़ जा रही है और जिन लोगों को चंडीगढ़ से लाया जाएगा उनके लिए बकायदा सैनिटाइजर मास्क भी टीम साथ में ले जा रही है। उन्होंने कहा कि एक मेडिकल टीम भी चंडीगढ़ जा रही है जो उन लोगों का मेडिकल चेकअप भी करेगी जिन को चंडीगढ़ से सिरमौर लाया जाना है चंडीगढ़ में फंसे सभी लोगों का पहले मेडिकल चेकअप किया जाएगा। 

बस अड्डा प्रभारी नाहन धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि क्षेत्रीय प्रबंधक अधिकारी के निर्देशों पर 6 बसों को चंडीगढ़ भेजा जा रहा है जबकि दो अन्य बसों को रिजर्व रखा गया है और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें भी भेजा जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह बसें मंगलवार को वापस नाहन पहुंचेगी। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस के जवानों को भी चंडीगढ़ भेजा गया है जिन बसों में लोगों को लाया जाना है हर एक बस में पुलिस का एक जवान मौजूद रहेगा। चंडीगढ़ से लाए जा रहे  किसी व्यक्ति में अगर कोरोना के लक्षण पाए जाते हैं तो उसे क्वॉरेंटाइन में भेजा जाएगा।
 

Edited By

prashant sharma