NH 5 पर सफर हुआ महंगा, सनवारा टोल प्लाजा में कमर्शियल वाहनों के टोल रेट बढ़े

punjabkesari.in Monday, Jun 03, 2024 - 06:26 PM (IST)

सोलन (पाल): लोकसभा चुनाव समाप्त होते ही आमजन को महंगाई की डोज भी लग गई है। चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर सोमवार रात से सफर महंगा हो गया है। भारतीय राष्ट्रीय राज मार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सनवारा टोल प्लाजा में टोल के दरें बढ़ा दी हैं। एनएचएआई ने इसे लेकर अधिसूचना जारी कर टोल प्लाजा कंपनी को बढ़ी हुई दरों को लागू करने के आदेश दिए हैं। टोल की दरें 5 रुपए से 15 रुपए तक बढ़ाई गई हैं। हालांकि कार, जीप व एलएमवी वाहनों की टोल दरों को नहीं बढ़ाया गया है।

एनएचएआई ने कमर्शियल वाहनों के टोल रेट बढ़ाए हैं। इससे पूर्व एनएचएआई द्वारा 28 मार्च को जारी अधिसूचना के अनुसार 1 अप्रैल से टोल बढ़ाने का प्रस्ताव था। इसे लेकर अधिसूचना जारी कर दी थी लेकिन लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लागू होने के कारण अधिसूचना को वापस लेना पड़ा था लेकिन 1 जून को लोकसभा चुनाव समाप्त होने के साथ ही टोल की बढ़ाई गई दरों को लागू कर दिया गया। विदित रहे कि कालका-शिमला नैशनल हाईवे-5 पर परवाणू-सोलन फोरलेन में सनवारा टोल प्लाजा स्थापित है। हर वर्ष 1 अप्रैल को टोल प्लाजा शुल्क को बढ़ाया जाता है लेकिन इस बार लोकसभा चुनाव के चलते बढ़ी हुई दरें 3 जून से लागू की गई हैं। टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर क्षेत्र में पंजीकृत वाहनों को भी हर महीने अब 340 रुपए शुल्क देना होगा। इससे पूर्व यह शुल्क 330 रुपए था। वर्तमान में टोल कलैक्शन का कार्य रिद्धि-सिद्धि एसोसिएट द्वारा किया जा रहा है।

प्रोजैक्ट डायरैक्टर, एनएचएआई शिमला आनंद दहिया ने बताया कि टोल का बढ़ा हुआ शुल्क 3 जून रात से लागू होगा। हालांकि पहले यह शुल्क 1 अप्रैल से लागू होना था लेकिन लोकसभा चुनाव के कारण इसे लागू नहीं किया गया था। कार, जीप व एलएमवी वहानों के शुल्क को नहीं बढ़ाया गया है। कमर्शियल वाहनों के शुल्क में 5 से 15 रुपए की बढ़ौतरी की गई है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News