वीडियो कॉन्फैंसिंग से किया इस सिविल कोर्ट का शुभारंभ

Friday, Apr 12, 2019 - 03:57 PM (IST)

तीसा: उपमंडल मुख्यालय चुराह में सिविल जज कोर्ट का शुभारंभ वीरवार को हुआ। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने वीडियो कॉन्फै्रंसिंग के माध्यम से सिविल जज कोर्ट का शुभारंभ किया। इस दौरान उनके साथ उच्च न्यायालय के न्यायाधीश धर्म चन्द चौधरी, न्यायाधीश त्रलोक सिंह चौहान, न्यायाधीश सुरेश्वर ठाकुर, न्यायाधीश अजय मोहन गोयल, न्यायाधीश संदीप शर्मा व न्यायाधीश चन्द्र भूषण भी मौजूद रहे। उन्होंने वीडियो कॉन्फैंसिंग के माध्यम से तीसा वासियों को सिविल जज कोर्ट खुलने की बधाई दी। तीसा सिविल जज कोर्ट का कार्यभार संभालने वाले न्यायाधीश पार्थ जैन व जिला सत्र न्यायालय के न्यायाधीश राजेश तोमर भी वीडिओ कॉन्फै्रंसिंग पर मौजूद रहे।

लोगों की मांग पूरी होने उनमें खुशी की लहर दौड़ गई

 इस दौरान सिविल जज कोर्ट के शुभारंभ पर न्यायाधीश पार्थ जैन के साथ करीब 20 अधिवक्ता व एस.डी.एम. चुराह हेम चंद वर्मा, तहसीलदार सरताज सिंह पठानिया, नायब तहसीलदार चरणदास कपूर व लो.नि.वि. मंडल तीसा के अधिशासी अभियंता हर्ष पुरी भी मौके पर मौजूद रहे। सब कोर्ट खुलने से अब तीसा की जनता को न्याय पाने के लिए जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें अब घर-द्वार पर ही न्याय मिलेगा। गौरतलब है कि चुराह उपमंडल की जनता डेढ़ दशक से सिविल जज कोर्ट खोलने की मांग कर रही थी। वीरवार को चुराह की जनता को सब जज कोर्ट की सौगात मिल गई। अब डेढ़ दशक बाद यहां के लोगों की मांग पूरी होने उनमें खुशी की लहर दौड़ गई है। उच्च न्यायालय से इस संबंध में प्रक्रिया काफी समय पहले ही आरंभ कर दी थी। सिविल जज कोर्ट के लिए जमीन की तलाश भी पूरी हो चुकी है। वर्तमान में सिविल जज कोर्ट के कार्य उपमंडलाधिकारी चुराह के कार्यालय भवन में होंगे।

सिविल जज कोर्ट तीसा में 1,027 मामले

सिविल जज कोर्ट तीसा के लिए जिला सत्र न्यायालय से 1,027 मामले स्थानांतरित किए गए हैं। इससे पहले इन सभी मामलों में चम्बा न्यायालय में सुनवाई होती थी। ये सभी मामले तीसा आने से लोगों ने राहत महसूस की है क्योंकि जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए लोगों को काफी आर्थिक नुक्सान उठाना पड़ता था। सिविल जज कोर्ट खुलने से जहां लोगों के समय की बचत होगी, वहीं उनको अब आॢथक नुक्सान भी नहीं उठाना पड़ेगा। लोगों को अब घर-द्वार न्याय मिलेगा।

Kuldeep