Chamba: विवाहिता की आप​त्तिजनक तस्वीरें वायरल करने का मामला : पुलिस ने एक मोबाइल फोन किया जब्त, जम्मू के युवकों को नोटिस

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 07:05 PM (IST)

तीसा (सुभान दीन): चम्बा जिले के पुलिस थाना तीसा में एक महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें इंस्टाग्राम पर अपलोड करने और धमकी देने के मामले में पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। इस गंभीर प्रकरण में अब साइबर टीम भी एक्टिव हो गई है। ​पुलिस ने इस मामले में एक मोबाइल फोन को कब्जे में लिया है।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों ने इसी फोन पर आपत्तिजनक तस्वीरें भेजी थीं।

इस फोन को साक्ष्यों की वैज्ञानिक पुष्टि के लिए फोरैंसिक जांच हेतु भेजा जा रहा है। पुलिस की विशेष साइबर टीम इस मामले की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि डिजिटल जरिए आरोपियों के खिलाफ ठोस सबूत जुटाए जा सकें। मामले के मुख्य आरोपी मोहर सिंह और नरेश कुमार निवासी डोडा, जम्मू-कश्मीर पर शिकंजा कसते हुए तीसा पुलिस ने उन्हें आधिकारिक नोटिस जारी कर दिया है।

नोटिस के अनुसार दोनों युवकों को अनिवार्य रूप से तीसा पुलिस थाना में पेश होना होगा। उनके थाना पहुंचते ही पुलिस उनसे मामले के हर पहलू पर पूछताछ करेगी। उनसे यह भी पता लगाया जाएगा कि उनके पास ये तस्वीरें कैसे आईं और क्या इस साजिश में अन्य लोग भी शामिल हैं।

गौरतलब कि एक पीड़ित पति ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि इन दोनों युवकों ने उसकी पत्नी की आपत्तिजनक तस्वीरें इंस्टाग्राम पर सार्वजनिक कर दी हैं और अन्य तस्वीरें वायरल करने की लगातार धमकियां दे रहे हैं। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News