Chamba: राजस्थान को बिजली बेचने से प्रदेश को चार माह में होगी 400 करोड़ रुपए की आमदनी : सीएम
punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 07:21 PM (IST)
तीसा (सुभानदीन): सरकार प्रदेश की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। सरकार ने एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए अब राजस्थान को 15.50 रुपए प्रति यूनिट की दर से बिजली बेचने का समझौता किया है, जिससे आगामी चार माह में प्रदेश को 400 करोड़ रुपए की आमदनी होगी। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चुराह के भंजराड़ू में जनसभा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के चोर दरवाजे को बंद कर राज्य को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार ने केंद्र से 180 मैगावाट की बैरास्यूल जलविद्युत परियोजना के संचालन के 44 वर्ष पूर्ण होने के परिणामस्वरूप इसमें निःशुल्क बिजली की हिस्सेदारी को बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने की पुरजोर पैरवी की है।
उन्होंने कहा कि वाइल्ड फ्लावर हॉल शिमला का मामला वर्ष 2003 से लंबित था और इस मामले में प्रदेश सरकार ने प्रभावी कानूनी पैरवी करते हुए जीत हासिल की। इसके परिणामस्वरूप राज्य सरकार को 401 करोड़ रुपए की धनराशि प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि अब ई-नीलामी के माध्यम से प्रदेश को प्रति वर्ष लगभग 37 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि पिछले 23 वर्षों में इस संपत्ति से प्रदेश को कोई राजस्व प्राप्त नहीं हुआ था, लेकिन अब इससे होने वाली आय जन हित के कार्यों पर खर्च की जाएगी। सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार कोई सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दे रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कच्ची हल्दी के लिए 150 रुपए प्रति किलोग्राम, गेहूं के लिए 80 रुपए प्रति किलोग्राम तथा मक्की के लिए 50 रुपए प्रति किलोग्राम न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रदान कर रही है।
राज्य सरकार गाय के दूध के लिए 61 रुपए प्रति लीटर तथा भैंस के दूध के लिए 71 रुपए प्रति लीटर समर्थन मूल्य दे रही है, जो पहले की दरों से लगभग दोगुना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी स्थायी और मौसमी जनजातीय क्षेत्रों में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण और सुरक्षित पेयजल की सुविधा सुनिश्चित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में जनजातीय क्षेत्रों ने पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे-बोर्डिंग स्कूल, सीबीएसई से संबद्ध विद्यालय, शिक्षा के उत्कृष्ट संस्थान, पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति आदि ठोस कदम सुनिश्चित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो से तीन सीबीएसई स्कूल खोले हैं तथा सरकार ने मैरिट के आधार पर 2,700 से अधिक शिक्षकों की भर्ती की है।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में 100 से अधिक और सीबीएसई स्कूल खोलने जा रही है। वर्तमान राज्य सरकार के शिक्षा में लाए गए सुधारों के फलस्वरूप वर्ष 2025 में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के मामले में हिमाचल प्रदेश देश में पांचवें स्थान पर पहुंच गया, जबकि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान वर्ष 2021 में प्रदेश 21वें स्थान पर था। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने आवश्यक स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित किए बिना कई स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक संस्थान खोल दिए थे। इसके विपरीत वर्तमान सरकार ने शैक्षणिक संस्थानों का युक्तिकरण किया है और शिक्षकों के हजारों रिक्त पद भरे हैं।
मैं किसी बड़े राजनीतिक घराने से नहीं
सीएम ने कहा कि मैं किसी बड़े राजनीतिक घराने से नहीं एक साधारण परिवार से निकलकर यहां तक पहुंचा हूं। इसलिए मुझे दफ्तरों के चक्कर काटते आम आदमी के पैरों के छाले और उसकी पीड़ा को समझने के लिए किसी कागज या फाइल की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि धरातल की असल सच्चाइयों से वाकिफ एक जननेता के रूप में उन्होंने सत्ता संभालते ही व्यवस्था परिवर्तन का जो संकल्प लिया था, वह अब जमीनी स्तर पर जनता की जिंदगी को सुगम बनाते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। आम आदमी के जीवन में सबसे बड़ी बाधा सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटना और छोटी-छोटी फाइलों के लिए महीनों इंतजार करना रहा है। इस पुरानी व्यवस्था को बदल कर राजस्व सेवाओं में क्रांतिकारी डिजिटल बदलाव किए हैं। भूमि और संपत्तियों की रजिस्ट्री प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है। इससे नागरिकों को अब दफ्तरों के अवांछित चक्करों और दलालों के चंगुल से मुक्ति मिली है।

