अचानक टिप्पर के गुजरने से पुल ढहा, 4 लोग घायल

Monday, Nov 14, 2016 - 05:33 PM (IST)

केलांग/उदयपुर (लाहौल-स्पीति): मनाली-किलाड़-जम्मू सड़क मार्ग पर लोट नाला पर बना ट्रस पुल वजन न सह पाने से सोमवार दोपहर ढह गया है। बताया जा रहा है कि पुल से एल.एन.टी. से लदा एक टिप्पर गुजर रहा था, लेकिन बीच में पहुंचते ही पुल ध्वस्त हो गया। जिससे किलाड़, उदयपुर का केलांग व मनाली से संपर्क कट गया है। हादसे में 4 लोग घायल हैं जिनका उपचार चल रहा है।


जानकारी के मुताबिक सूचना मिलने पर प्रशासन ने बी.आर.ओ. को घटना से अवगत करवा दिया है। पुल ढहने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की भीड़ लग गई है।


लाहौल से किलाड़-जम्मू के लिए यह एकमात्र सड़क है। टिप्पर तिंदी से गौंधला की ओर जा रहा था जिसमें 4 लोग सवार थे। लापरवाही के चलते हुए इस हादसे के बारे में प्रशासन ने बी.आर.ओ. को सूचित कर दिया है, लेकिन अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पुल मरम्मत का कार्य कौन करेगा। घायलों की पहचान चालक बीरू पुत्र रूप लाल निवासी भ्यूली मंडी, एल.एन.टी. ऑपरेटर बबलू शर्मा पुत्र हेम प्रभू निवासी बल्ह मंडी, जितेंद्र कुमार पुत्र खेम दास निवासी मेहड़ मंडी, एलएनटी सहायक अक्षय कुमार पुत्र कृष्ण लाल निवासी सेरी कोठी मंडी के रूप हुई है जिन्हें मामूली चोटें आई हैं।