सत्ती बोले- टिकट के लिए किसी को हां या न कर सकता है हाईकमान

Thursday, Mar 07, 2019 - 10:26 AM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र शर्मा): भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि चारों सांसदों ने बेहतर काम किया है। कई बड़े प्रोजैक्ट सांसद लेकर आए हैं। जे.पी. नड्डा भी काफी प्रोजैक्ट लेकर आए हैं। क्या किसी सांसद का पत्ता कट सकता है, के सवाल पर सत्ती ने कहा कि पार्टी में सभी संभावनाएं मौजूद रहती हैं। फैसला हाईकमान को करना है। ऐसे में उचित समय पर उचित निर्णय होगा। पार्टी किसी को भी हां और किसी को भी न कर सकती है। पंजाब केसरी टी.वी. से विशेष बातचीत में प्रदेशरध्यक्ष का कहना था कि एक वर्ष का जयराम सरकार का कार्यकाल स्वर्णिम रहा है। सरकार में बड़ा ओहदा मिलने की चर्चाओं के सवाल के जवाब में सत्ती ने कहा कि उनके पास लम्बे समय से पार्टी अध्यक्ष पद का बड़ा दायित्व है। लोकसभा चुनावों के बाद जब मोदी सरकार सत्ता में आएगी तो देशभर में पार्टी के संगठनात्मक चुनाव होंगे। निश्चित रूप से पार्टी को नया अध्यक्ष मिलेगा। जब वह अध्यक्ष पद से मुक्त होंगे तो जो भी जिम्मेदारी उन्हें पार्टी देगी वह उसे बखूबी निभाएंगे।  

पी.जी.आई. सैटेलाइट सैंटर के निर्माण में देरी के लिए कांग्रेस सरकार जिम्मेदार

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ने पी.जी.आई. सैटेलाइट सैंटर के निर्माण कार्य में देरी के लिए प्रदेश की पूर्व वीरभद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। पी.जी.आई. सैटेलाइट सैंटर का शिलान्यास ऊना में 7 मार्च को होगा। सत्ती ने कहा कि 500 करोड़ रुपए के इस प्रोजैक्ट पर कांग्रेस सरकार के दौरान संशय की स्थिति इसलिए बन गई थी क्योंकि पूर्व सरकार ने इसमें अड़ंगा लगाया था। सत्ती ने कहा कि अब टैंडर प्रक्रिया के बाद 33 माह में यह संस्थान बनकर तैयार हो जाएगा। 

राहुल की वही हालत होगी जो देश में हो रही

एक सवाल के जवाब में सत्ती ने कहा कि राहुल गांधी कांगड़ा में लोगों की नब्ज टटोलने आ रहे हैं। हिमाचल में भी कांग्रेस की वही हालत होगी जो पूरे देश में हो रही है। जब कांग्रेस सत्ता में थी तब भी भाजपा ने चारों सीटें जीती थीं। यहां तक कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी भी चुनाव हार गई थी। ऐसे ही नतीजे अब सामने आएंगे। चारों सीटें भाजपा जीतेगी। 

शांता कुमार चुनाव लड़ने से खुद कर चुके हैं इंकार, पार्टी ही करेगी निर्णय

भाजपा अध्यक्ष सत्ती ने कहा कि चुनाव लड़ने के संबंध में शांता कुमार की कभी हां और कभी न से पार्टी को कोई भी फर्क नहीं पड़ेगा। शांता कुमार पहले ही चुनाव लड़ने से इंकार कर चुके हैं। उनका कहना है कि काफी चुनाव हो चुके हैं। ऐसे में वह चुनाव नहीं लड़ना चाहते। इसके बावजूद पार्टी यदि चाहे तो वह उसका आदेश मानेंगे। सत्ती ने कहा कि पार्टी जिसे भी कहेगी वह इंकार नहीं करेगा। टिकट का फैसला पार्टी हाईकमान करेगा और पार्टी का फैसला ही सर्वमान्य होगा।

Ekta