चम्बा में कोरोना से 24 घंटे के अंदर तीन महिलाओं की मौत

Monday, May 10, 2021 - 02:26 PM (IST)

चम्बा (काकू चौहान): जिले में कोरोना का कहर थम नहीं रहा है। इसका संक्रमण लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। अब युवा भी इसकी चपेट में आने से काल का ग्रास बन रहे हैं। पिछले 24 घंटे में जिला चम्बा में कोरोना से तीन महिलाओं की मौत हो गई है। इसमें एक 35 साल की महिला भी शामिल है। इसके साथ ही कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 74 पहुंच गई है। उदयपुर गांव की 54 साल की महिला को 8 मई को शाम करीब साढ़े सात बजे कोविड अस्पताल चम्बा में दाखिल किया गया था। महिला निमोनिया व अन्य बीमारियों से ग्रसित थी। कोविड अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था, लेकिन रविवार आधी रात को करीब 12 बजकर 33 मिनट पर महिला ने दम तोड़ दिया। महिला ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाई थी।

उधर, जिले के भटियात क्षेत्र के सुतकी गांव की 58 साल की महिला को भी 8 मई को कोविड अस्पताल चम्बा लाया गया। उसे करीब 5 बजकर 43 मिनट पर यहां दाखिल किया गया। महिला हाइपरटैंशन, निमोनिया व अन्य बीमारियों से ग्रसित पाई गई। उसने कोरोना वैक्सीन की एक डोज लगवा ली थी, लेकिन रविवार रात करीब 9 बजकर 40 मिनट पर अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। इसके अलावा उप तहसील डल्हौजी के लोहर गांव की 35 वर्षीय महिला को 7 मई को कोविड अस्पताल चम्बा में सुबह 11 बजकर 52 मिनट पर दाखिल किया गया। यहां उसका उपचार चल रहा था, लेकिन रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे उसने दम तोड़ दिया। महिला को अभी तक कोरोना का टीका भी नहीं लगा था। सी.एम.ओ. डॉ. कपिल शर्मा ने कहा कि कोरोना से तीन महिलाओं की मौत हुई है।

Content Writer

Kaku Chauhan