विधानसभा में आज शपथ लेंगे कांग्रेस के तीन नए विधायक

punjabkesari.in Monday, Nov 08, 2021 - 10:46 AM (IST)

शिमला : उपचुनावों में कांग्रेस को मिली जीत के बाद उनके जीते हुए तीनों विधायक आज विधानसभा में शपथ लेंगे। इन तीन विधायकों के साथ ही विधानसभा में कांग्रेस के विधायकों की संख्या 22 हो गई है, वहीं भाजपा के विधायकों की संख्या 43 है। चुने गए तीनों नए विधायकों को विधानसभा अध्यक्ष शपथ दिलाएंगे। कांग्रेस के दो और भाजपा के एक विधायक के देहांत के बाद खाली हुई सीटों पर ये विधायक चुनकर आए हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के 21 विधायक चुने गए थे। 

बता दें कि जुब्बल-कोटखाई में नरेंद्र बरागटा भाजपा के विधायक थे, जिनका देहांत होने के बाद उपचुनाव हुए। यहां से रोहित ठाकुर कांग्रेस के विधायक बने हैं। अर्की से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और फतेहपुर से पूर्व मंत्री सुजान सिंह पठानिया के देहांत के बाद सीटें रिक्त हुई थीं। अब अर्की से संजय अवस्थी और फतेहपुर से सुजान सिंह पठानिया के पुत्र भवानी पठानिया विधायक बने हैं। दोनों ही सीटों पर कांग्रेस दोबारा जीती है। अब प्रदेश विधानसभा में भाजपा के 43, कांग्रेस के 22, दो निर्दलीय और एक माकपा विधायक होंगे। 

नए विधायकों के हिमाचल प्रदेश विधानसभा में आने के बाद विधायकों का सिटिंग प्लान एक बार फिर नए सिरे से बनेगा। यह सिटिंग प्लान अब शीत सत्र में ही तय होगा। शीतकालीन सत्र का आयोजन धर्मशाला में होता है। पिछली बार कोविड के फैलने की वजह से इस सत्र को नहीं करवाया जा सका था। अगर इस बार सत्र धर्मशाला में होता है तो वहीं नए विधायकों का सदन में सिटिंग प्लान तय होगा। पहली बार उपचुनाव के बाद एक साथ तीन नए विधायक सदन में आएंगे। कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री अब संख्या बल से भी विपक्ष के नेता होंगे। इससे पूर्व यह दर्जा सरकार की सिफारिश पर मिला था। सरकार के प्रतिनिधि भी बार-बार इस बात को दोहराते रहते थे कि अग्निहोत्री को यह दर्जा सरकार ने दिलाया है। वहां संख्या बल 22 होना चाहिए था, जो अब हो गया है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News