अब तो हो गई हद, तीन माह बाद भी नहीं भरे डॉक्टरों के पद

Thursday, Dec 06, 2018 - 03:50 PM (IST)

सैंज (बुद्धि सिंह): सैंज सी.एच.सी. में स्टाफ की कमी को पूरा करने व रात्रिकालीन सेवाओं को शुरू करने की मांग फिर से उठने लगी है। बुधवार को अपनी मांग को लेकर सैंज में समिति ने विरोध प्रदर्शन किया तथा बाजार में रैली निकालकर सरकार के प्रति रोष व्यक्त किया। विरोध प्रदर्शन में महिला मंडलों सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भाग लिया। प्रदर्शन के बाद जनसभा में समिति के अध्यक्ष महेश शर्मा, किसान सभा के नारायण चौहान, समिति के सलाहकार मोती राम पालसरा व व्यापार मंडल के प्रधान सुरेश कुमार सहित विभिन्न युवक व महिला मंडलों के पदाधिकारियों ने अपने शब्द बाणों से सरकार को घेरा। संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा गत माह सैंज में इन मांगों को लेकर कई दिनों तक विरोध प्रदर्शन किए गए थे।

10 दिसम्बर से करेंगे भूख हड़ताल  

समिति से जुड़े लोगों ने अपनी मांगों को स्थानीय विधायक के समक्ष भी रखा था। स्वास्थ्य विभाग द्वारा समिति की मांग पर नए भवन में ओ.पी.डी. शुरू करने व स्टाफ की कमी को शीघ्र पूरा करने सहित अन्य मांगों को पूरा करने के आश्वासन पर संघर्ष समिति ने अपना आंदोलन बंद कर दिया था। 3 माह बीत जाने के बावजूद स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों व अन्य पैरामैडीकल स्टाफ के पदों को न भरने पर सैंज की संयुक्त संघर्ष समिति ने सरकार व स्वास्थ्य विभाग को चेताते हुए जल्द खाली पदों को भरने व रात्रिकालीन सेवाएं शुरू करने मांग की है। समिति ने फैसला लिया है कि 10 दिसम्बर से लोग अस्पताल में स्टाफ व अन्य सेवाओं को लेकर सैंज में 5 दिन की भूख हड़ताल पर बैठेंगे। यदि फिर भी उनकी मांग पर गौर नहीं किया गया तो बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। यह जानकारी समिति के मीडिया प्रभारी सुमन पालसरा ने दी।

Ekta