चम्बा में कोरोना से एक साथ तीन मौतें, होम आइसोलेट ने भी तोड़ा दम

Saturday, Nov 21, 2020 - 02:10 PM (IST)


चम्बा(काकू):जिले में कोरोना से एक साथ तीन लोगों की मौत हो गई है। इसमें एक महिला और दो व्यक्ति शामिल हैं। एक साथ तीन मौतें होने से जिले में हड़कंप मच गया है। जिले के डल्हौजी क्षेत्र के सुड़ाई गांव का 47 साल का व्यक्ति 18 नवम्बर को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद उसे डेडिकेट्डि कोविड हैल्थ सेंटर डल्हौजी में दाखिल किया गया। यह व्यक्ति हाइपरटेंशन व डायबटीज समेत अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित था। इसके चलते उसे कोविड हॉस्पिटल चम्बा रैफर किया गया। शनिवार को सुबह करीब 6 बजकर 45 मिनट पर उसने दम तोड़ दिया। उसे निमोनिया भी हो गया था। इसके अलावा स्वास्थ्य खण्ड किहार के भलेई गांव की 80 साल की बुजुर्ग महिला 17 नवम्बर को जांच के दौरान कोरोना संक्रमित पाई गई।
इसके बाद उसे डेडिकेट्डि हॉस्पिटल चम्बा दाखिल किया गया। महिला निमोनिया व अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित थी। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए 18 नवम्बर को टांडा रैफर कर दिया। यहां महिला का उपचार चल रहा था, लेकिन शनिवार को सुबह करीब सात बजे उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। उधर, राजपुरा पंचायत के धार गांव के 77 साल के व्यक्ति का 18 नवम्बर को कोरोना का सैंपल लिया गया। उसके सैंपल को जांच के लिए आर.टी. पी.सी.आर. लैब में भेजा गया था। इसके बाद उसे होम आइसोलेट किया गया था, लेकिन रात को उसने होम आइसोलेशन में ही दम तोड़ दिया और 19 नवम्बर को आर.टी. पी.सी.आर. लैब में जांच के दौरान सैंपल पॉजिटिव पाया गया। एक साथ तीन मौतें होने से जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 29 हो गई है। इसकी पुष्टि सी.एम.ओ. डॉ. राजेश गुलेरी ने की है।

 

Kaku Chauhan