सुजानपुर बाल आश्रम की खिड़की तोडक़र भागे तीन लड़के

Tuesday, Sep 28, 2021 - 02:55 PM (IST)

हमीरपुर : हमीरपुर जिला के सुजानपुर उपमंडल में बाल आश्रम की खिड़की तोड़कर और सीसीटीवी कैमरों की लोकेशन मोड़कर आश्रम के तीन लड़के गायब हो गए हैं। मंगलवार तड़के चार बजे तीनों लड़के विशाल पुत्र स्व. भीम सिंह गांव अखाड़ा काठमांडू नेपाल, शिवा पुत्र जोसिला उतरकाशी (उतराखंड) और विक्रांत पुत्र लखन निवासी अंब जिला ऊना का रहने वाले हैं। सभी की उम्र 16 वर्ष के बीच है। तीनों एक साथ बाल आश्रम की खिड़की तोड़ कर फरार हुए हैं। बाल आश्रम प्रशासन द्वारा तीन लडक़ों के फरार की सूचना लिखित में थाना सुजानपुर को मंगलवार सुबह पांच बजे दी गई। लड़कों के गायब होने की सूचना मिलते ही सुजानपुर पुलिस अलर्ट हो गई है और छानबीन शुरू कर दी है।

सुजानपुर पुलिस ने फरार हुए तीनों युवकों की फोटो अपने अलग-अलग गु्रप, सोशल मीडिया, फेसबुक पर शेयर करते हुए इन्हें ढूंढने की गुहार लोगों से की है। अगर इन युवाओं के बारे में किसी को कोई भी जानकारी मिलती है या कहीं पर दिखाई पड़ते हैं, तो इसकी सूचना तत्काल थाना सुजानपुर के दूरभाष नंबर पर दे सकते हैं। थाना प्रभारी सतपाल शर्मा का कहना है कि जिस समय बाल आश्रम में यह घटना घटी है। उस समय सुरक्षाकर्मी भी अपनी ड्यूटी पर तैनात थे, लेकिन लड़के अपने सोने वाले कमरे की खिड़की को तोड़कर फरार हुए हैं। इसके साथ-साथ तीनों युवकों ने बेहद चतुराई से अपने भागने का प्लान बनाया है। सीसीटीवी कैमरों का मुख मोड़ते हुए भागने में सफल रहे हैं। पुलिस ने तीनों युवकों के फरार होने पर मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
 

Content Writer

prashant sharma