पुलिस नाके पर नशे की खेप सहित तीन गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर भेजे

Thursday, Mar 08, 2018 - 06:44 PM (IST)

चम्बा: चम्बा पुलिस ने पंजाब के 3 लोगों को 800 ग्राम चरस सहित पकडऩे में सफलता हासिल की है। पुलिस थाना चम्बा के अनुसार पुलिस के एस.आई.यू. सैल ने बुधवार की रात को चम्बा-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर सरू नामक स्थान पर नाका लगाया हुआ था तो इस दौरान रात करीब सवा 12 बजे एक गाड़ी (पी.बी.02 डब्ल्यू-2256) को जांच के लिए रोका गया। पुलिस ने जब गाड़ी में सवार 3 लोगों की शक के आधार पर तलाशी ली तो उनके कब्जे से 800 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। आरोपियों की पहचान विचित्र सिंह पुत्र सर्वजीत, राहुल सिंह पुत्र सुशील कुमार व विपिन कुमार पुत्र मुकुंद लाल सभी निवासी अमृतसर पंजाब के रूप में हुई। पुलिस ने तीनों के खिलाफ चरस का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मामले की पुष्टि करते हुए एस.पी. चम्बा डा. मोनिका भुटुंगरू ने बताया कि आरोपियों को वीरवार अदालत के समक्ष पेश किया गया जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।