ATM कार्ड बदलकर शातिरों ने लगाया हजारों रुपए का चूना

Friday, Mar 31, 2017 - 11:14 AM (IST)

पांवटा साहिब : हिमाचल शहर में शातिरों ने एक व्यक्ति का ए.टी.एम. कार्ड बदल कर खाते से 78,000 रुपए उड़ा लिए। जानकारी के अनुसार गांव मिश्रवाला निवासी राम सिंह पुत्र ज्ञान सिंह जो एक समाजसेवी संस्था में काम करता है, अपने खाते से पैसे निकलवाने पांवटा स्थित एच.डी.एफ.सी. बैंक के ए.टी.एम. गया, जहां से पैसे निकलवाने के बाद रसीद नहीं निकली तो वहां खड़े अज्ञात लड़कों ने राम सिंह को पुन: कार्ड मशीन में डालने को कहा। इसी बीच उन्होंने उसका ए.टी.एम. कार्ड बदल लिया और उसके खाते से 78,000 रुपए उड़ा लिए। जिसका पता उसे तब चला जब उसके मोबाइल फोन पर उसके खाते से लगातार निकासी के मैसेज आने लगे। जब राम सिंह बैंक की शाखा पहुंचा और सारा किस्सा प्रबंधक को सुनाया तो पता चला कि उसके खाते से कुल 78,000 रुपए उड़ चुके थे, जिनमें से 40,000 ठगों ने किसी के खाते में ट्रांसफर कर दिए थे। इस बारे बैंक ने एक शिकायत पत्र पुलिस को शीघ्र कार्रवाई के लिए दिया है। उधर, एस.एच.ओ. पांवटा अशोक चौहान ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की जांच के लिए दल भेज दिया गया है तथा कार्रवाई की जा रही है।

दुर्घटना करने पर चालक के खिलाफ  मामला दर्ज
पांवटा साहिब (सुंदर): कफोटा ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष बलबीर ठाकुर की गाड़ी को टक्कर मारने वाले वाहन चालक के खिलाफ  देर शाम को पांवटा पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। बलबीर ठाकुर की बुधवार 29 मार्च को पी.जी.आई. में मौत हो गई थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि करीब 15 दिन पहले आरोपी वाहन चालक ने बलबीर सिंह ठाकुर की गाड़ी को टक्कर मारी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बुधवार को उनकी मौत हो गई। उधर, थाना प्रभारी अशोक चौहान ने बताया कि वाहन चालक के खिलाफ  लापरवाही से वाहन चलाकर गैर-इरादतन हत्या करने का मामला दर्ज किया गया है, जिसमेें जांच-पड़ताल जारी है।