हजारों सी. एंड वी. शिक्षकों को DLED से मिली छूट

Thursday, May 31, 2018 - 11:11 AM (IST)

मंडी: प्रारंभिक शिक्षा विभाग द्वारा 29 मई 2011 से पहले नियुक्त सी.एंड वी. शिक्षकों को डिप्लोमा इन एलीमैंटरी एजुकेशन (डी.एल.एड.) से छूट देने को लेकर बुधवार को अधिसूचना जारी कर दी है। प्रदेश सरकार व विभाग के इस निर्णय से प्रदेश के हजारों सी. एंड वी. शिक्षकों शास्त्री व भाषा अध्यापकों को डी.एल.एड. कोर्स से राहत मिली है। राजकीय सी.एंड वी. अध्यापक संघ द्वारा डी.एल.एड. में छूट को लेकर प्रदेशाध्यक्ष चमन लाल शर्मा की अगुवाई में सी.एम. सहित विभागीय अधिकारियों के समक्ष मामला प्रभावी ढंग से रखा गया था, जिसके चलते प्रदेश सरकार द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए कानूनी राय लेने के बाद 29 जुलाई, 2011 से पहले नियुक्त भाषा व शास्त्री अध्यापकों को डी.एल.एड. की शर्त से राहत प्रदान की। 


प्रदेश सरकार द्वारा इस संबंध में पिछली 19 मई को अधिसूचना जारी कर दी और प्रारंभिक निदेशक द्वारा बुधवार को इस संबंध में अधिसूचना कर प्रदेश के सभी उपनिदेशकों को तुरंत प्रभाव से आदेश जारी कर दिए हैं। सरकार के इस निर्णय के बाद प्रदेश के हजारों अध्यापकों ने राहत की सांस ली है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि इस संबंध में संघ मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री से कई बार मिला और उसके बाद संघ की बैठक शिक्षा सचिव अरुण शर्मा के साथ हुई। उन्होंने संघ को आश्वासन दिया था कि शीघ्र ही कानूनी राय लेकर जुलाई 2011 से पहले नियुक्त सभी सी.एंड वी. को डी.एल.एड. से राहत प्रदान कर दी जाएगी।  

Ekta