कांग्रेस से जिन्होंने भी मांगे टिकट, उन्हें तोहफे में मिला निष्कासन : यशवंत

Sunday, Jan 06, 2019 - 11:17 PM (IST)

बैजनाथ (अवस्थी/सुरिन्द्र): कांग्रेस ने जहां राष्ट्रीय स्तर पर देश के जनजातियों का शोषण किया वहीं हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस ने जनजातीय समाज के साथ घोर अन्याय किया। यह बात भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व हिमाचल के मोर्चा प्रभारी यशवंत सिंह दरबार ने संगठनात्मक जिला पालमपुर द्वारा आयोजित बैजनाथ में एस.टी. मोर्चा की बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मोर्चा हर बूथ में कम से कम 10 सक्रिय सदस्य के कार्यक्रम को अति गंभीरता से ले और जो 2 व 3 फरवरी को ओडिशा के एस.टी. मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन में जो अपेक्षित कार्यकर्ता हैं, वे बढ़-चढ़कर भाग लें। 

जनजातीय नेता को एक बार भी टिकट नहीं दे सकी कांग्रेस

उन्होंने कहा कि कांगड़ा-चम्बा में पंचायती राज के चुनाव में आरक्षण के लिए त्रिलोक कपूर को हाईकोर्ट शिमला का दरवाजा खटखटाना पड़ा और यही नहीं, राजनीतिक दृष्टि से भी कांग्रेस का राजनीतिक प्रेम कितना है कि कांगड़ा-चम्बा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत भाजपा अनारक्षित सीटों के बावजूद वर्ष 1985 से अब तक 21 बार जनजातीय नेता को टिकट दे चुकी है जबकि कांग्रेस पार्टी ने एक बार भी टिकट देने की हिम्मत नहीं की। कांग्रेस से जिन्होंने भी टिकट मांगे, उन्हें टिकट की बजाय निष्कासन का तोहफा ही मिला। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के उस कृत्य से प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश जानता है कि हिमाचल प्रदेश के एक कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठकर पहले समुदाय का अपमान किया, फिर उन पर जमकर लाठियां बरसाईं और उसके बाद झूठे मुकद्दमे दर्ज कर दिए।

कांग्रेस को दी चेतावनी

उन्होंने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि गद्दी समुदाय का लाठीचार्ज का दर्द विधानसभा के चुनाव में भी खत्म नहीं हुआ, इसकी पीड़ा लोकसभा चुनाव तक सताती रहेगी। इस मौके पर अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष त्रिलोक कपूर, प्रदेश मोर्चा महामंत्री सुरेंद्र कपूर, प्रदेश प्रवक्ता गोकुल ठाकुर आदि मौजूद रहे।

Vijay