भाई-बहन की आखों के सामने लड़की को 100 मीटर तक घसीट कर ले गया यह जंगली जानवर

Saturday, Oct 14, 2017 - 05:13 PM (IST)

कुल्लू: काईस के सोयल गांव की 14 साल की लड़की को भालू ने हमला कर घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार उक्त लड़की अपने भाई-बहन के साथ नानी के घर चंजला जा रहे थे कि गांव से कुछ दूरी पर नाले के नजदीक अचानक भालू लड़की शशि कला पर हमला कर उसे घसीटते हुए 100 मीटर तक ले गया। उसकी छोटी बहन शारदा ने दौड़ कर अपने परिवार को हादसे के बारे में जानकारी दी तभी गांव के सभी लोग मौके पर पहुंचे और लड़की को खून से लथपथ देखकर तुरन्त क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले आए, जहां पर लड़की का इलाज चल रहा है। 

पेट और पैर में आईं गंभीर चोटें
वहीं लड़की की बहन सरवती ने बताया कि वह अपनी बहन और एक भाई के साथ नानी के घर जा रही थी कि ऐसे में नाले के पास बीच रास्ते में भालू ने हमला कर दिया। इससे लड़की को पेट और पैर में गंभीर चोटें आई हंै। सी.एम.ओ. डा. सुशील ने बताया कि जैसे ही हमें मालूम हुआ तुरन्त लड़की का इलाज शुरू हो गया है और ऐसे में लड़की को जो भी टीके लगने हैं वह नि:शुल्क लग रहे हैं और इलाज भी किया जा रहा है।

रिपोर्ट के अनुसार मिलेगा घायल को मुआवजा
वहीं डी.एफ.ओ. कुल्लू डा. नीरज चड्ढा ने बताया कि वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि जैसे ही इस हादसे केबारे में पता लगा तो तुरन्त विभाग के अधिकारी को क्षेत्रीय अस्पताल भेजा गया। जैसे ही डाक्टर की रिपोर्ट मिलेगी उसके अनुसार घायल लड़की को मुआवजा दिया जाएगा।