जमींदोज होने के कगार पर पहुंचा यह गांव, खौफ के साए में रातें गुजार रहे लोग

Friday, Nov 09, 2018 - 04:15 PM (IST)

चंबा (प्रिंस): चंबा जिला मुख्यालय के साथ लगता पक्काटाला मोहल्ला जमींदोज होने की कगार पर है। लेकिन आज तक इसे बचाने की दिशा में कोई पग नहीं उठाए गए हैँ। इस मोहल्ला में निरंतर हो रहे भूस्खलन से जहां लोगों के घर धंस रहे हैं। वहीं लोगों के घरों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं। वहीं मोहल्ला के नीचे से सार्वजनिक रास्ता भी है तथा यहां के स्कूल व कालेज के बच्चे रोजाना आवागमन करते हैं। इस स्थान पर ऊपर पहाड़ी से गिरने वाले पत्थर हर समय हादसे को न्यौता देते हैं। वहीं कई बार इन पत्थरों की चपेट में आने से कई लोग घायल हो चुके हैं। इतना ही नहीं एक युवक को अपनी जान तक गंवानी पड़ी थी।

बताया जा रहा है कि लंबे समय से यहां के बाशिंदे राजनेताआें व प्रशासनिक अधिकारियों से उनके घरों को बचाने की मांग कर रहे हैं। यहां तक कि यहां के लोग इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री से भी कई बार मिल चुके हैं। लेकिन इस भूस्खलन को रोकने के लिए कोई पग नहीं उठाए गए हैं। सारे शहर की नालियों का पानी इसी मोहल्ले से होकर गुजरता है। बरसात के समय में सारा नाली का गंदा पानी लोगों के घर में घुस जाता है। जहां पर बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं। यह भी यहां पर भूस्खलन का मुख्य कारण है। क्योंकि इस पानी की वजह से यहां धीरे-धीरे जमीन धंस रही है। क्योंकि इस मोहल्ले से जो पैदल रास्ता बालू बाजार की तरफ जाता है। उसी रास्ते से पूरे शहर के शमशान घाट का भी रास्ता है।

नगर परिषद ने कुछ अरसा पहले यहां रास्ते की मरम्मत के लिए कंक्रीट की दीवार तो लगा दी। लेकिन वह घरों के नीचे सुरक्षा दीवार लगाना भूल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि रातों की नींद उड़ चुकी है तथा हर समय यही भय रहता है कि न जाने कब उनके घर नीचे नदी में समा जाएंगे। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जल्द इस भूस्खलन को रोकने के लिए  कार्रवाई की जाए ताकि उन्हें राहत मिल सके।

 

kirti