राहनीनाला में आई यह मुसीबत, 12 घंटे बाद बहाल हुआ रोहतांग मार्ग

Sunday, Jul 02, 2017 - 12:38 AM (IST)

मनाली: मनाली से लेह की ओर रुख करने वाले पर्यटकों की दिक्कतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले कुछ दिनों से सरचू के समीप पटसेऊ नाले में आई बाढ़ दिक्कतों का कारण बनी हुई थी लेकिन अब मनाली की ओर बंता मोड़ और राहनीनाला में हुए भू-स्खलन ने पर्यटकों की दिक्कतों को बढ़ा दिया है। मनाली-लेह मार्ग के रोहतांग रोड पर शनिवार सुबह 3 जगह भू-स्खलन हुआ। लाहौल की ओर ग्रांफू  के पास तथा मनाली की ओर राहनीनाला में भू-स्खलन हुआ, जबकि बंता मोड़ में बड़ी-बड़ी चट्टानें गिरकर सड़क पर आ गईं। 

कोकसर में फंसा सेना का काफिला
सुबह लाहौल की ओर जाने वाली गाडिय़ां मढ़ी में ही फंस गईं जबकि लाहौल से मनाली आ रही गाडिय़ों के पहिए कोकसर में ही थम गए। लेह की ओर से आ रहा सेना का काफिला भी कोकसर में फंस गया लेकिन शाम 6 बजे मनाली-लेह मार्ग 12 घंटे बाद बहाल हो गया है। वहीं तांदी-संसारी मार्ग अभी तक बहाल नहीं हो पाया है, जिससे पांगी-किल्लाड़ के लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।

बर्फबारी से बढ़ी बी.आर.ओ. की दिक्कतें
पिछले कुछ दिनों से हो रही बर्फबारी से बी.आर.ओ. की दिक्कतें भी बढ़ गई हैं। मनाली-लेह मार्ग के सरचू तक बी.आर.ओ. की 70 आर.सी.सी. 222 किलोमीटर लंबे मार्ग की निगरानी कर रही है। पहले पटसेऊ और अब राहनीनाला ने बी.आर.ओ. की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। रोहतांग दर्रे के बंद हो जाने से हजारों पर्यटक दर्रे के आर-पार फंसे हुए हैं। बी.आर.ओ. मार्ग बहाली में जुटा हुआ है, लेकिन भारी मात्रा में आया मलबा व पत्थर उसकी राह में रोड़ा बन गया है।