सैलानियों के लिए बहाल हुआ ये पर्यटन स्थल, प्राकृतिक शिवलिंग के कर पाएंगे दर्शन

Sunday, Feb 18, 2018 - 12:43 AM (IST)

मनाली: पहाड़ी से गिर रहे झरने से बने प्राकृतिक शिवलिंग के दर्शन को सैलानियों ने अंजनि महादेव में दस्तक दे दी है। प्रशासन ने सोलंगनाला के बाद अंजनि महादेव पर्यटन स्थल भी सैलानियों के लिए बहाल कर दिया है। सोलंगनाला में पर्याप्त बर्फ  होने के चलते अभी कोठी पर्यटन स्थल सैलानियों के लिए बहाल नहीं किया गया है लेकिन सैलानी अंजनि महादेव में शिवलिंग के दर्शन कर खासे उत्साहित हो रहे हैं। सोलंग की वादियों में पैराग्लाइडिंग भी शुरू हो गई है। शुक्रवार को सैंकड़ों सैलानियों ने अंजनि महादेव में दस्तक दी और बर्फ से बने शिवलिंग के दर्शन किए।

सोलंग में उठाया रोप-वे के सुहाने सफर का आनंद
सोलंग में भी सैलानी रोप-वे के सुहाने सफर का आनंद उठाकर फातरू की वादियों में दस्तक दे रहे हैं। रोप-वे हिमालया की मैनेजर निर्मला ने बताया कि बर्फबारी के बाद सोलंग में सैलानियों की आमद बढ़ी है। स्थानीय निवासी रमेश, भूमि चंद और गणेश ने बताया कि सोलंग की वादियों में पहुंच रहे सैलानी बर्फ  पर स्नो स्कूटर के सफर का आनंद ले रहे हैं। दूसरी ओर सोलंग की ढलानों में अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान द्वारा चलाए जा रहे प्रशिक्षण में देशभर से लगभग 50 प्रतिभागी स्कीइंग के गुर सीख रहे हैं। यह जानकारी प्रशिक्षण कोर्स प्रभारी नानक चंद सोनी ने दी।