इस बार टूटेगी शूलिनी मेले की परंपरा, विभिन्न सैक्टरों में बांटा शहर

Thursday, Jun 20, 2019 - 03:47 PM (IST)

सोलन (अमित): शूलिनी मेले की परंपरा इस बार टूटती हुई दिखाई दे रही है। मेले की परंपरा रही है कि यहां पर इसका शुभारंभ या फिर समापन समारोह में मुख्यमंत्री या राज्यपाल करते हैं लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। दरअसल इस बार व्यस्तता के चलते न तो मेले में मुख्यमंत्री आएंगे और न ही राज्यपाल। शूलिनी मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मेले में सुरक्षा के लिए 500 पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया है। मेले के दौरान लगने वाले भंडारों में किसी को भी गंदगी नहीं फैलाने दी जाएगी। ऐसा करने पर प्रशासन मामला दर्ज करेगा। यह जानकारी डी.सी. विनोद कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि शूलिनी मेले की तीनों सांस्कृतिक संध्याओं के लिए प्रशासन ने कलाकारों का चयन कर लिया है।

मेले का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल करेंगे। पहली संध्या में मुख्य कलाकार गीता भारद्वाज व विक्की चौहान होंगे। दूसरी संध्या में ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर मुख्यातिथि होंगे जबकि मुख्य कलाकार हंसराज रघुवंशी, कृतिका तंवर व अनुज शर्मा होंगे। अंतिम संध्या में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल मुख्यातिथि जबकि पंजाबी सूफी गायक सतिंद्र सरताज व बॉलीवुड गायक पूर्ण शिवा मुख्य कलाकार होंगे। मेले में यातायात व्यवस्था को लेकर भी बदलाव किया गया। एस.पी. मधुसूदन शर्मा ने बताया कि मेले के दौरान 500 पुलिस कर्मचारी तैनात रहेंगे। सोलन शहर विभिन्न सैक्टरों में बांटा गया है। अलग-अलग पुलिस अधिकारी सैक्टरों के इंचार्ज होंगे।

Ekta