इस शख्स ने लगातार 6 चुनाव जीतकर रचा इतिहास, जीवन में सिर्फ 1 बार हारे थे बड़ा चुनाव

Saturday, Apr 13, 2019 - 10:52 AM (IST)

सोलन (अमित डोभाल): कृष्ण दत्त सुल्तानपुरी देश की राजनीति में ऐसा नाम रहा है, जिसे आज भी लोग याद करते हैं और उनकी लगातार जीत की चर्चा आज भी होती है। शिमला संसदीय क्षेत्र से के.डी. सुल्तानपुरी लगातार 6 चुनाव जीत कर इतिहास रच चुके हैं। अपने जीवन में केवल 1 बार बड़ा चुनाव हारे सुल्तानपुरी ने वार्ड पंच का चुनाव जीतकर राजनीति में प्रवेश किया। इसके बाद वह जिला परिषद के उपाध्यक्ष रहे।

पंचायत राजनीति में रहने के बाद उन्होंने विधानसभा की राजनीति में कदम रखा, लेकिन पहला ही चुनाव हार गए, लेकिन इस हार को उन्होंने सबक के तौर पर ऐसा लिया कि उसके बाद उन्होंने हार का मुंह कभी नहीं देखा। जानकारी के अनुसार 1967 में सुल्तानपुरी ने सोलन विधानसभा क्षेत्र से आजाद प्रत्याशी के तौर पर विधायक का चुनाव लड़ा, लेकिन बहुत कम वोट के अंतर से हार गए। उसके बाद वर्ष 1972 में फिर सोलन निर्वाचन क्षेत्र से आजाद प्रत्याशी के तौर पर विधायक का चुनाव लड़ा और जीत दर्ज करने में कामयाबी हासिल की।

इस जीत के बाद उस समय के मुख्यमंत्री व हिमाचल निर्माता यशवंत सिंह परमार ने के.डी. सुल्तानपुरी को कांग्रेस में शामिल करवाया और इसके बाद वह कांग्रेस में ही रहे तथा लगातार रिकार्ड 6 बार सांसद बने। के.डी. सुल्तानपुरी के बेटे विनोद सुल्तानपुरी ने पुरानी यादें ताजा करते हुए बताया कि उनके पिता के सांसद होने के कारण वह बचपन से राजनीति के बड़े-बड़े नेताओं को देखते आ रहे हैं। हरियाणा, पंजाब के बड़े नेताओं का उनके घर में आना-जाना रहा है। के.डी. सुल्तानपुरी ने अपने गांव सुल्तानपुर को भी अलग पहचान दी। उन्होंने अपने नाम के साथ सुल्तानपुरी लिखना शुरू किया और अब उनके परिवार के सभी सदस्य अपने नाम के साथ सुल्तानपुरी ही लिखते हैं।

kirti