धूमल पुत्र ने किया खुलासा, 23 करोड़ के लेन-देन में CM सहित ये मंत्री भी शामिल

Friday, Jul 07, 2017 - 10:07 PM (IST)

सोलन (चिनमय कौशल): पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के छोटे बेटे अरुण धूमल ने बीते दिन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर सोलन जिला के कंडाघाट में जमीन के सौदे में हुए 23 करोड़ रुपए के लेन-देन में गोलमाल का आरोप लगाया है लेकिन आज उन्होंने इस मामले में उनके साथ वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी और उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया पर भी भ्रष्टाचार करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने सोलन में प्रैस वार्ता करते हुए तथ्यों के साथ अपनी बात रखी और बताया कि कंडाघाट में जमीन का सौदा हुआ था, जिसकी कीमत महज 3 करोड़ थी लेकिन उसे धोखे से 23 करोड़ रुपए में बेचने की कोशिश की गई। इस डील में मुख्यमंत्री भी अप्रत्यक्ष रूप से शामिल हैं। उन्होंने बताया कि एन.आर.आई. खरीददार को जब इस गोलमाल का पता चला तो उसने मुख्यमंत्री और उनके सहयोगियों के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज करवाई है।  



देवभूमि का मुखिया जमानत पर
उन्होंने कहा कि देवभूमि आज शर्मसार हो चुकी है क्योंकि उसका मुखिया ही आज बेल पर चल रहा है उन्होंने साथ ही ओ.पी. शर्मा जो इस मामले का मास्टर माइंड है उसके साथ मुख्यमंत्री का चित्र दिखाते हुए पूछा कि मुख्यमंत्री को खुलासा करना चाहिए कि उनका ओ.पी. शर्मा के साथ क्या सम्बन्ध है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि ओ.पी. शर्मा ने पुलिस की जांच में यह बयान दर्ज करवाए हंै कि उसने वन मंत्री के माध्यम से मुख्यमंत्री को 56 लाख रुपए दिए हैं ताकि धारा-118 की अनुमति मिल सके।