अब रात को यातायात कंट्रोल करने लिए पुलिस ने अपनाया यह तरीका

Friday, Jul 28, 2017 - 01:32 PM (IST)

सोलन : अब रात को सोलन में यातायात कंट्रोल करने लिए पुलिस चंडीगढ़ पुलिस की तर्ज पर ट्रैफिक बैटन का इस्तेमाल करेगी। इससे अंधेरे में पुलिस को यातायात कंट्रोल करने में जहां आसानी हो रही है, वहीं दूसरी ओर वाहन चालक भी आसानी से पुलिस के इशारे देख पा रहे हैं। शहर के मुख्य चौकों के अलावा राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर भी पुलिस को ऐसी बैटन दी गई हैं ताकि रात के समय वह इनका इस्तेमाल कर सके। बुधवार से सोलन के मुख्य स्थानों पर यातायात कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने इनका इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार यातायात पुलिस को और ज्यादा हाईटैक बनाने के लिए उसे करीब 1 दर्जन ट्रैफिक बैटन दी गई हैं। इन बैटनों में हरी व लाल लाइटें जलती हैं।  डी.एस.पी. (एल.आर.) रमेश शर्मा ने बताया कि पुलिस को करीब 1 दर्जन ट्रैफिक  बैटन दी गई हैं। रात के समय अब इन्हें हाथ में थामे पुलिस यातायात व्यवस्था सुचारू बनाते हुए दिखाई देगी।

क्या है ट्रैफिक बैटन
टै्रफिक बैटन एक लाइट होती है। इसमें 2 बटन लगे होते हैं जिससे पुलिस कर्मचारी अपनी इच्छा अनुसार लाल या हरी लाइट जला सकता है। जब उसे यातायात रोकना होता है तो लाल लाइट जला देता है और जब ट्रैफिक चलाना होता है तो हरी लाइट जला देता है। ऐसे में अंधेरे में वाहन चालकों को लाइट देखकर पता चल जाता है कि उन्हें रुकना है या चलना है।