सोलन अस्पताल में सैंकड़ों रोगियों को मिलेगी यह सुविधा

Thursday, Dec 14, 2017 - 03:33 PM (IST)

सोलन: क्षेत्रीय अस्पताल में आंखों से संबंधित बीमारियों व ऑप्रेशन के लिए आने वाले लोगों की टैंशन दूर हो गई है। अब यहां हर बुधवार को ऑप्रेशन होंगे। लंबे इंतजार के बाद अब यहां आधुनिक सुविधाओं से लैस आंखों का ऑप्रेशन थिएटर बनकर तैयार हो गया है। इसके बन जाने से अब यहां आने वाले सैंकड़ों रोगियों को इसकी सुविधा मिलेगी। उल्लेखनीय है कि क्षेत्रीय अस्पताल में पिछले करीब 3 वर्षों से 2-2 आई सर्जन होने के बावजूद आंखों के ऑप्रेशन नहीं हो पा रहे थे। इसका कारण यहां पुराने ऑप्रेशन थिएटर विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानदंडों के अनुसार न होना था। इसके लिए लोगों को परवाणु, शिमला या फिर पी.जी.आई. जाना पड़ रहा था। अब यहां आधुनिक सुविधाओं से लैस आई ऑप्रेशन थिएटर बनकर तैयार हो चुका है जिसे विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानदंडों के अनुसार तैयार किया गया है। इसमें 13 दिसंबर को भी मरीजों को इसके लिए बुलाया गया था जो नहीं आए। अब अगले बुधवार को यहां आंखों से संबंधित ऑप्रेशन किए जाएंगे। 


आई ओ.टी. पर आया 20 लाख रुपए का खर्च 
क्षेत्रीय अस्पताल में नया आई ओ.टी. बनाने व इसके लिए नए उपकरण खरीदने पर करीब 20 लाख रुपए खर्च हुए हैं। इसके अलावा आंखों के काला मोतिया की जांच के लिए नो कंटैक्ट टोनोमीटर मशीन भी लगाई गई है। यह एन.सी.टी. मशीन अभी तक केवल बड़े अस्पतालों और मैडीकल कालेजों में उपलब्ध थी। इससे यहां काला मोतिया (ग्लूकोमा) की समय रहते जांच हो सकेगी। यह सुविधा सोलन अस्पताल में उपलब्ध हो जाने से लोगों को इलाज करवाने के लिए शिमला व चंडीगढ़ के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इस टोनोमीटर मशीन की कीमत 5 लाख रुपए के आसपास है। इस मशीन के लगने का सबसे ज्यादा फायदा काला मोतिया से ग्रस्त मरीजों को होगा। 


पंजाब केसरी ने उठाया था मामला 
क्षेत्रीय अस्पताल में 2-2 सर्जन होने के बावजूद ऑप्रेशन न होने को लेकर मामला 10 जून, 2017 के अंक में पंजाब केसरी ने प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद यहां पर आई ऑप्रेशन थिएटर बनाने के कार्य ने तो जोर पकड़ा, लेकिन यह फिर भी नहीं हो रहे थे। अब इसका कार्य पूरा हो चुका है और बुधवार से ऑप्रेशन भी शुरू हो जाएंगे।