इस अस्पताल में मरीजों को नहीं मिल रही यह सुविधा, जाने क्या है कारण

Saturday, Nov 25, 2017 - 05:16 PM (IST)

चम्बा : पंडित जवाहर लाल नेहरू मैडीकल कालेज और अस्पताल में सी.टी. स्कैन की मशीन धूल फांक रही है। पिछले करीब एक-डेढ़ वर्ष से इस मशीन को प्रयोग में नहीं लाया जा सका है। बताया जा रहा है कि मशीन को आप्रेट करने वाले रेडियोलॉजिस्ट का पद पिछले कई महीनों से रिक्त चल रहा है, जिसका खमियाजा चम्बा अस्पताल में सी.टी. स्कैन करवाने आने वाले मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि पंडित जवाहर लाल नेहरू मैडीकल कालेज और अस्पताल चम्बा जिला का एकमात्र सबसे बड़ा अस्पताल है। जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के सैंकड़ों मरीज गंभीर बीमारी होने पर इसी अस्पताल का रुख करते हैं लेकिन अस्पताल में सी.टी. स्कैन मशीन को आप्रेट करने वाला रेडियोलॉजिस्ट न होने के चलते उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आर्थिक नुक्सान झेलने को होना पड़ रहा मजबूर
पंडित जवाहर लाल नेहरू मैडीकल कालेज और अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट न होने के कारण यहां सी.टी. स्कैन करवाने आने वाले मरीजों को  आर्थिक नुक्सान झेलना पड़ रहा है। लोगों को मजबूरन महंगे दामों पर निजी लैबों में सी.टी. स्कैन करवाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इसके अलावा जिला के बाहर चल रहे अस्पतालों का रुख सी.टी. स्कैन करवाने के लिए करना पड़ रहा है।

लोगों ने जल्द मांगी राहत
प्रदेश के बाहरी जिलों और निजी लैबों में महंगे दामों पर सी.टी. स्कैन करवाने को मजबूर हो रहे लोगों ने अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि चम्बा अस्पताल में उक्त सुविधा को जल्द से जल्द शुरू किया जाए ताकि उनको निजी लैबों और अन्य अस्पतालों का रुख न करना पड़े और उन्हें आर्थिक नुक्सान भी न झेलना पड़े।