चंडीगढ़ की तर्ज पर हिमाचल में भी मिले यह सुविधा तो नहीं लुटेंगे यात्री

Monday, Nov 12, 2018 - 12:02 PM (IST)

शिमला (जय): राजधानी में अकसर टैक्सी संचालकों द्वारा लोगों से ज्यादा दाम वसूलने को लेकर शिकायत रहती है, ऐसे में यदि चंडीगढ़ की तर्ज पर राजधानी में भी कैब चले तो लोगों को सुलभ एवं कम दामों पर अच्छी यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी, साथ यह यात्रा सुविधा सुरक्षात्मक भी रहेगी। इस सुविधा के लिए लोगों को ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के माध्यम से टैक्सी बुक करनी होती है और जिस क्षेत्र से टैक्सी मंगवाई गई है उस क्षेत्र में कैब चालक खुद टैक्सी बुक करने वाले यात्री से संपर्क कर उन्हें बेहतर यात्रा सुविधा प्रदान करता है। किसी भी स्थान पर टैक्सी बुक करने पर कैब चालक नजदीक सड़क से यात्रियों को अपनी सेवाएं देगा।

इसके लिए वाहन चलने पर 55 रुपए यात्री को वहन करने पड़ते हैं। इसके बाद 10 रुपए प्रति किलोमीटर भाड़ा बनता है। इस लिहाज से यात्री को भी अतिरिक्त किराया वसूल करने की कोई शिकायत नहीं रहती और टैक्सी संचालक को भी यात्रियों के साथ बहस करने की जरूरत नहीं रहती। चंडीगढ़ में लंबे समय से यह व्यवस्था चल रही है और अब हिमाचल में भी लोग कैब संचालन शुरू करने की सरकार से गुहार लगा रहे हैं ताकि कम दामों पर सुरक्षात्मक व बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके और यात्रियों से टैक्सी संचालक भी अतिरिक्त दाम न वसूल सके।

राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में देर शाम बस पकड़ने से लेकर घर जाने के लिए लोगों को इस तरह की कैब सुविधा उपलब्ध हो तो लोगों को भी कम दामों में बेहतरीन परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। बियोंड रैसिपी संस्था के अध्यक्ष प्रमोद शाहू ने बताया कि दिल्ली-चंडीगढ़ में कैब सुविधा की तर्ज यदि हिमाचल में भी यह सुविधा उपलब्ध हो तो लोगों को जल्द ऑनलाइन माध्यम से आसानी के साथ सस्ती व बेहतरीन परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग को इस तरह की व्यवस्था अपनानी चाहिए ताकि आज के डिजिटल युग में किसी भी यात्री को ज्यादा दाम वसूलने की शिकायत न रहे।
 

Ekta