कोल्डड्रिंक में नशीली चीज पिलाकर महिला से किया गंदा काम, आरोपी गिफ्तार

Friday, Oct 27, 2017 - 06:48 PM (IST)

सुजानपुर: सुजानपुर के एक निजी होटल में महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार घटना 13 अक्तूबर की है, जब एक युवक सुजानपुर बाजार में घूम रही एक महिला को बहला-फुसला कर होटल में ले गया तथा वहां पर उसे एक पेय पदार्थ में नशीली चीज मिलाकर बेहोश किया और फिर उसके बाद दुष्कर्म करने के बाद उसे धमकी दी कि इस घटना की अगर किसी को भी जानकारी दी तो वह उसे जान से मार देगा। सुजानपुर पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर युवक को देर रात गिरफ्तार कर लिया है। 

घर से दवाई लेने के लिए आई थी महिला
सुजानपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार निर्मल कुमार (39) निवासी डूहक जिला कांगड़ा का रहने वाला है जोकि 13 अक्तूबर को सुजानपुर बाजार में घूम रहा था। उसी दौरान सुजानपुर बाजार में घर से दवाई लेने के लिए आई एक महिला को उसने बहला-फुसला कर अपनी बातों में ले लिया और बातों ही बातों में उसे सुजानपुर-पालमपुर मुख्य मार्ग नजदीक ब्यास पुल के पास बने एक होटल में ले गया, जहां उसने उसे पेय पदार्थ में कोई नशीली चीज पिलाकर बेहोश कर दिया। फिर उसे होटल के एक कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस घटना के बाद आरोपी युवक ने महिला को यह कह कर घर भेज दिया कि अगर इस बात का कहीं भी जिक्र किया गया या किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देगा। 

पति के पूछने पर सुनाई आपबीती
जिसके बाद महिला डरी-सहमी सी घर पर रह रही थी। महिला का पति दूसरे राज्य में नौकरी करता है। हाल ही में जब वह घर पहुंचा तो अपनी पत्नी को सहमा-सहमा पाया और उससे पूरी बात पूछी तो काफी मशक्कत के बाद उसने सारी कहानी पति को सुनाई। उसी के आधार पर वह शिकायत लेकर सुजानपुर थाना में पहुंचे और आरोपी युवक के खिलाफ  मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए आरोपी युवक जोकि टैक्सी चलाता है, को देर रात गिरफ्तार किया है। सुजानपुर थाना प्रभारी सुरेंद्र धीमान ने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है तथा अब उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।