इस दिन जरूरतमंदों को मिलेगा आशियाना, जानिए क्या-क्या होंगे फायदे

Tuesday, Jan 31, 2017 - 11:31 AM (IST)

शिमला: नगर निगम की महत्वाकांक्षी योजना आशियाना टू का आबंटन अंतत: 7 फरवरी को होगा। पार्षदों के अल्टीमेटम के बाद निगम प्रशासन ने इसके आबंटन की तिथि निर्धारित कर दी है। पिछले 5 सालों से लटकी इस योजना के तहत अब लोगों को जल्द ही आशियाना मिल सकेगा। सोमवार को नगर निगम की मासिक बैठक में मामले पर जमकर हंगामा हुआ। पार्षदों ने तल्खी दिखाते हुए प्रशासन पर आरोप लगाया कि जब पात्र उम्मीदवारों द्वारा पैसों का भुगतान किया जा चुका है तो निगम लोगों को आवास आबंटित क्यों नहीं कर रहा है। 


7 फरवरी को आबंटित किए जाएंगे आशियाना के तहत आवास
सदन की कार्रवाई शुरू होते ही पार्षद सुशांत कपरेट, सरोज ठाकुर, सुरेन्द्र चौहान, शशि शेखर व मनोज कुठियाला सहित अन्य पार्षदों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पार्षदों का कहना था कि लोगों ने बैंक से कर्ज लेकर पैसों का भुगतान किया है, ऐसे में लोगों को भारी-भरकम ब्याज देना पड़ रहा है। इस दौरान सदन की अध्यक्षता कर रहे उपमहापौर टिकेंद्र पंवर ने प्रशासन को आदेश दिए हैं कि 7 फरवरी को आशियाना के तहत आवास आबंटित किए जाएं। मामले पर संयुक्त आयुक्त प्रशांत सरकैक ने बताया कि निगम ने 73 बी.पी.एल. लोगों की सूची तैयार की है, जिनमें से 62 बी.पी.एल. के सर्टीफिकेट्स को री- वैरीफिकेशन की जा रही है जबकि 47 लोगों द्वारा निगम को राशि का भुगतान किया जा चुका है। 


पार्षदों ने निगम प्रशासन को दिया अल्टीमेटम
संयुक्त आयुक्त ने पार्षदों की मांग पर ब्याज पर पैसा उठाने वाले उम्मीदवारों को पैसा रिफंड करने का फैसला लिया है। प्रशासन का कहना है कि जो लाभार्थी पैसा वापस लेना चाहते हैं, उन्हें पैसा रिफंड कर दिया जाएगा और लाभार्थी हर महीने किस्तों के आधार पर पैसों का भुगतान कर सकते हैं। पार्षदों ने निगम प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि वह निर्धारित किए गए समय के भीतर पात्र उम्मीदवारों को आवास आबंटित कर दे। इस दौरान पार्षदों ने तहबाजारियों को स्ट्रीट वैडिंग पॉलिसी के तहत नहीं बसाने पर भी प्रशासन को घेरा।


पी.जी. संचालकों के कनैक्शन होंगे कमर्शियल, नगर निगम करेगा सर्वे
पी.जी. संचालकों द्वारा घरेलू कनैक्शन का मिसयूज करने पर अब निगम सख्त हो गया है। ऐसे में निगम घरेलू कनैक्शन को कमर्शियल में कनवर्ट करेगा हालांकि निगम के पास शहर में कितने पी.जी. संचालक हैं, इसका कोई ब्यौरा नहीं है, ऐसे में निगम अब जल्द ही इसका सर्वे करवाएगा। 


अनुकम्पा के आधार पर निगम देगा नौकरी
नगर निगम अनुकम्पा के आधार पर कर्मचारियों के आश्रितों को नौकरी प्रदान करेगा। निगम सदन ने मामले को स्वीकृति प्रदान कर दी है। निगम के पास 10 से 15 मामले आए हैं, जहां पर कर्मचारियों के परिजनों को नौकरी प्रदान की जाएगी।


शहर होगा वाई-फाई
शहर को वाई-फाई करने की निगम की योजना को सदन ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके तहत पूरे शहर को जोन में आबंटित किया गया है, जिसके तहत जोन वाइज वाई-फाई सुविधा लोगों को मिल सकेगी।