चारों ने घर को बनाया निशाना, लाखों के गहने व नकदी पर किया हाथ साफ

Sunday, Jan 13, 2019 - 10:25 PM (IST)

राजा का तालाब: राजा का तालाब के साथ लगती ग्राम पंचायत लाड़थ के गांव वरोह की निवासी लीला देवी के संयुक्त परिवार में उसके 2 बेटों के घर से लाखों रुपए के गहनों व लगभग 12 हजार रुपए की नकदी की चोरी होने से क्षेत्र में एक बार फिर से भय का माहौल पैदा हो गया है। जानकारी के अनुसार 6 कमरों वाले उक्त पक्के घर में एक तरफ  3 कमरे जबकि दूसरी तरफ  भी 3 ही कमरे हैं जबकि बीच में लॉबी बनी हुई है। परिवार का सदस्य राज कुमार उक्त घर के एक कमरे में सोया हुआ था जबकि उसकी मां लीला देवी दूसरी तरफ  बने कच्चे घर में सोई हुई थी।

महिला ने घर के पीछे जमीन पर पड़ा देखा खिड़की का ऐंगल

रविवार सुबह लगभग साढ़े 7 बजे लीला देवी जब अपने पशुओं को घर के पिछली तरफ  बांधने के लिए ले गई तो उसने एक कमरे की खिड़कियों में लगे हुए लोहे के ऐंगल को जमीन पर पड़े हुए देखा। उसने तुरंत इसकी जानकारी अपने बेटे राज कुमार को दी। राज कुमार और उसकी मां ने जब कमरों के अंदर जाकर देखा तो दोनों कमरों की अलमारियां खुली पाई गईं। दोनों कमरों में रखे बैड भी खुले हुए थे। कमरों में रखा सामान बिखरा हुआ था। राज कुमार ने उक्त घटना की जानकारी लाड़थ पंचायत प्रधान सुरिंद्र कुमार बंटी व रैहन पुलिस को दी।

चोरों ने घर से उड़ा ये सामान

सूचना मिलने पर टीम सहित मौके पर पहुंचे ए.एस.आई. हंसराज ने स्थिति का जायजा लिया। घर के सदस्यों मंजीत सिंह व प्रवीण कुमार ने पहुंचने पर बताया कि चोरों ने मंजीत के कमरे से बैड बॉक्स में रखे सोने के गहने एक किट्टी सैट, 2 चूडिय़ां, 2 अंगूठियां, एक जोड़ी झुमका, एक टिका, एक नथ जबकि प्रवीण कुमार के अनुसार उसके कमरे से एक किट्टी सैट, एक नथ, एक जोड़ी झुमका, 2 अंगूठियां व 12 हजार रुपए की नकदी पर हाथ साफ किया है। नूरपुर के डी.एस.पी. साहिल अरोड़ा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है।

Vijay