चोरों ने तोड़े घर के ताले, मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी पुलिस

Sunday, Feb 17, 2019 - 05:30 PM (IST)

अम्ब: उपमंडल अम्ब के तहत कैलाश नगर नकड़ोह में चोरों ने एक घर में सेंधमारी की। चोरों ने घर के कमरों व अलमारियों के ताले तोड़कर सारे सामान की तलाशी ली। घटना के समय घर पर कोई नहीं था। रविवार सुबह लोगों ने घर के गेट और कमरों के ताले टूटे हुए पाए तो इस घटना बारे पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार यह चोरी की घटना जसवीर निवासी कैलाश नगर नकड़ोह के घर पर हुई है। जसवीर और उसके परिवार के सदस्य घर पर नहीं थे। वे पारिवारिक सदस्य के बीमार होने के चलते घर पर ताले लगाकर होशियारपुर गए हुए थे।

मकान मालिक के आने पर चलेगा चोरी हुए सामान का पता

जसवीर के भाई बबलेश पुत्र गुरदास राम ने बताया कि रविवार सुबह जब वह ड्यूटी पर जा रहा था तो उसने घर का गेट खुला होने के चलते सोचा कि शायद वे आ गए हैं। इस पर वह घर के अंदर गया तो घर के दरवाजों के ताले टूटे हुए पाए गए। अंदर कमरों में अलमारियां खुली थीं और सारा सामान बिखरा हुआ पाया गया। मकान मालिक द्वारा होशियारपुर से आने के बाद ही पता चलेगा कि उनका क्या-क्या सामान चोरी हुआ है। वहीं डी.एस.पी. अम्ब मनोज जम्वाल का कहना है कि इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

Vijay