ताले तोड़ घर में घुसे चोर, लाखों के गहनों पर किया हाथ साफ

Tuesday, Nov 07, 2017 - 07:45 PM (IST)

अम्ब: उपमंडल अम्ब के तहत ग्राम पंचायत सूरी के अधीन पड़ते गांव पलोह में चोरों ने एक घर में चोरी की वारदात को अंजाम देकर करीब अढ़ाई लाख के आभूषणों पर हाथ साफ कर लिया। चोरी की घटना की सूचना मिलने पर अम्ब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार चोरों ने ग्राम पंचायत सूरी के वार्ड नम्बर 5 में अशोक कुमार पुत्र रोशन लाल के घर को निशाना बनाते हुए अलमारी में रखी चेन, अंगुठियां, नत्थ व अन्य (स्वर्ण व चांदी) आभूषणों सहित करीब अढ़ाई लाख का कीमती सामान चोरी कर लिया। ग्राम पंचायत प्रधान सुरिन्द्र पाल ने बताया कि अशोक कुमार परिवार सहित अम्ब में रहता है जबकि उसके भाइयों ने इस आबादी के नजदीक दूसरी जगह मकान बना लिए हैं। समय-समय पर अक्सर परिवार के लोग यहां आते ही रहते हैं। सोमवार सायं जब वे यहां पहुंचे तो घर के ताले टूटे देखे उन्हें चोरी की घटना का पता चला। 

लखदाता पीर मंदिर में भी तोड़ा गया था दानपात्र 
गत दिनों सूरी के लखदाता पीर मंदिर में चोर ने चोरी की घटना को अंजाम देकर दानपात्र को तोड़कर हजारों के चढ़ावे पर हाथ साफ किया था। मंदिर में रात के समय हुई चोरी की पूरी घटना और चोर का चेहरा मंदिर में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गया था जबकि मंदिर कमेटी के प्रधान में इस संगीन घटना के संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी थी। पंचायत प्रतिनिधि व स्थानीय लोग कयास लगा रहे हैं कि उक्त घर में हुई चोरी की घटना भी उसी गिरोह द्वारा की हुई हो सकती है। लोगों की मांग है कि पुलिस सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हुए चोर को जल्द से जल्द पकड़े। डी.एस.पी. अम्ब अजय राणा ने कहा कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।