चोरों ने उड़ाए 6 लाख के गहने, घर की हालत देख बेहोश हुई महिला

Saturday, Jul 29, 2017 - 01:20 AM (IST)

शाहतलाई: ग्राम पंचायत झबोला में वीरवार रात को चारों ने एक घर में सेंधमारी कर लाखों के सोने व चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी के दौरान घर की मालकिन सुनीता देवी घर पर नहीं थी। शुक्रवार सुबह झबोला निवासी राजेंद्र सिंह ने सुनीता के मकान का मुख्य गेट खुला देखा जिस पर उसने तत्काल पुलिस तलाई व सुनीता को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ठाकुर कर्म सिंह अपने दल-बल सहित घटनास्थल पर पहुंच गए व मकान मालकिन सुनीता भी घर पर आ गई। जब सुनीता ने घर के अंदर जाकर देखा तो चोरों ने बैड बॉक्स व अलमारियों सहित घर की हर जगह को खंगाल कर उसमें रखे सभी गहनों पर हाथ साफ कर दिया था। सुनीता अपनी घर की हालत देख बेहोश हो गई।

डॉग स्क्वायड के साथ घटनास्थल पर पहुंची पुलिस 
सुनीता ने पुलिस को बताया कि उसकी दोनों लड़कियों की शादी हो गई है लेकिन दोनों के गहने व उसके अपने गहने नथ, डोर व अंगूठियों सहित कई छाटे-मोटे करीब साढ़े 6 लाख रुपए के गहने चोरी हो गए हैं। डी.एस.पी. घुमारवीं राजेश कुमार भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए व हमीरपुर से एक पुलिस दल डॉग स्क्वायड के साथ घटनास्थल पर पहुंचा तथा दल एक पैदल रास्ते से एक किलोमीटर दूरी तक हनुमान मंदिर तक गया, जिससे अनुमान लगाया जा सकता है कि चोरों ने मंदिर के पास से किसी वाहन में लिफ्ट ली है।  इतना ही नहीं, पुलिस ने शाहतलाई बाजार में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज की भी जांच करके चोरों के सुराग लगाने की कोशिश की है। उधर, डी.एस.पी. राजेश शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।