चोरों के हौसले बुलंद, दिन-दिहाड़े 5 लाख के गहनों पर किया हाथ साफ

Thursday, May 17, 2018 - 01:15 AM (IST)

नूरपुर: नूरपुर शहर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि आबादी वाले क्षेत्र में दिन-दिहाड़े चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। शहर के वार्ड नंबर 3 के एक मकान में दिन-दिहाड़े चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए लाखों रुपए के गहनों पर हाथ साफ किया। चोरों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया जब घर की मालकिन किसी काम से अपने गांव गई हुई थी। ऐसा अंदेशा जताया जा रहा है कि चोर घर की पूरी जानकारी रखते थे और शायद उनको यह भी ज्ञात था कि घर की मालकिन तथा अन्य सदस्य कब तक बाहर रह सकते हैं। 


नाले के रास्ते घर की दीवार फांद कर अंदरे घुसे चोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब सवा 11 बजे घर की मालकिन बाला देवी घर में ताला लगाकर लदोड़ी चली गई और जब शाम करीब साढ़े 5 बजे वापस लौटी तो घर का मेन दरवाजा अंदर से बंद था। जब अंदर आकर देखा तो लॉबी में सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। इसके बाद आस-पड़ोस के लोगों को इकट्ठा किया और तुरंत घर के पीछे नाले की तरफ  जाकर देखा तो पीछे का दरवाजा खुला था। दरअसल, शातिर चोर नाले के रास्ते से घर के पीछे की दीवार को फांद कर अंदर घुसे थे, जहां जाली को काटकर दरवाजे को किसी औजार की मदद से तोड़ा गया था। इस दौरान लॉबी में रखी अलमारी और साथ लगते 2 अन्य कमरों के तालों को तोड़कर चोरों ने करीब 5 लाख के सोने-चांदी के गहने और 5 हजार की नकदी पर हाथ साफ किया। 


एफ.एस.एल. की टीम ने मौका-ए-वारदात से जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही डी.एस.पी. नूरपुर नवदीप सिंह और एस.एच.ओ. ओंकार सिंह ने मौके का जायजा लिया। वहीं बुधवार सुबह स्थानीय विधायक राकेश पठानिया भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। ए.एस.पी. दिनेश कुमार व एफ.एस.एल. की टीम ने मौका-ए-वारदात से साक्ष्य जुटाए। डी.एस.पी. ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Vijay