चोरों ने डाला भगवान के घर डाका, पुलिस जांच में जुटी

Wednesday, Dec 07, 2016 - 11:07 PM (IST)

बंजार: बंजार उपमंडल की सराज पंचायत के ढियों गांव में सराज पंचायत के अधिष्ठाता देवता लोमश ऋषि के ऐतिहासिक 4 अष्टधातु के मोहरे चोरी हो गए हैं, जिससे देव समाज में हड़कंप मच गया है। लोमश ऋषि केपुजारी देवेंद कुमार ने बताया कि मंगलवार रात को करीब 12 बजे तक साथ घरों में रहने वाले पुजारी व गुर जागे हुए थे परन्तु जैसे ही वे सो गए तो किसी ने पीछे से लोमश ऋषि के देवालय (कोठी) से देवता के पुराने धातु के मोहरों पर हाथ साफ कर दिया। 

पुजारी के अनुसार देवता लोमश ऋषि का रथ देवालय में नहीं था जिसे कोई अन्य भक्त दूसरे गांव में देव अनुष्ठान करने ले गया था जिसके चलते घरों व गांवों में भी कम लोग थे। जब वे सुबह पूजा करके देवालय गए तो वो यह देखकर हैरान हो गए कि चोरों द्वारा कट्टर से देवता के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा हुआ पाया गया। जब देवालय के अंदर प्रवेश किया तो पाया कि देवता की पालकी में रखे हुए 4 पुराने मोहरे गायब थे, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने छानबीन आरंभ कर दी है। 

कुल्लू पुलिस के डी.एस.पी. शिव चंद चौधरी के अनुसार सराज पंचायत के ढियों गांव में स्थित देवता लोमश ऋषि के 4 मोहरे चोरी होने की सूचना मिली है जिसकी छानबीन में स्वयं कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि जल्द ही चोरों का पर्दाफाश किया जाएगा।