राहुल की जन आक्रोश रैली में शामिल हुए हिमाचल कांग्रेस के ये नेता

Sunday, Apr 29, 2018 - 07:32 PM (IST)

शिमला: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद राहुल गांधी की रविवार को नई दिल्ली में हुई पहली जन आक्रोश रैली में हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस नेताओं ने भी भाग लिया। इसमें कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्रिहोत्री, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, विधायक हर्षवर्धन चौहान, लखविंद्र राणा, पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष नरेश चौहान सहित अन्य नेताओं ने भाग लिया। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों, विधायकों एवं पूर्व मंत्रियों के अलावा पार्टी कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कांग्रेस की इस रैली को राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के अलावा पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। 


आम आदमी की तरह रैली स्थल पर पहुंचे सुक्खू
रैली में भाग लेने गए हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस नेताओं ने पार्टी के वरिष्ठ केंद्रीय नेताओं से भी मंत्रणा की तथा आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा की। रैली में भाग लेने गए सुक्खू आम आदमी की तरह तिपहिया वाहन में कार्यकर्ताओं के साथ रैली स्थल पर पहुंचे। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के अध्यक्ष नरेश चौहान ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेताओं के अलावा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नई दिल्ली पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि रैली में केंद्र सरकार के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश दिखा। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस भी आगामी लोकसभा चुनाव के लिए तैयारियों में जुट गई है और केंद्रीय आलाकमान के निर्देशानुसार पार्टी आगे बढ़ रही है। 

Vijay