ये हैं सरकारी कर्मचारी, 2 दिन पहले ही लगा दी हाजिरी

Sunday, Oct 07, 2018 - 02:08 PM (IST)

मानपुरा : एस.डी.एम. का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे तहसीलदार केशव राम ने शनिवार को बद्दी तहसील का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तहसील के एक कर्मचारी ने 2 दिन पहले ही हाजरी लगाई हुई थी जबकि एक अन्य कर्मचारी ने पौने 11 बजे तक हाजरी नहीं लगाई हुई थी। एस.डी.एम. ने इस पर संज्ञान लेते हुए जवाब मांगा है।

उन्होंने सभी कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने के  दिशा-निर्देश दिए। जानकारी के अनुसार एस.डी.एम. ने सुबह 10 बजकर 40 मिनट पर बद्दी तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक लिपिक ने 8 अक्तूबर की हाजिरी पहले ही लगाई हुई थी, वहीं एक अन्य कर्मचारी आफिस में तो था लेकिन उसने अपने उपस्थिति नहीं लगाई हुई थी।

इस मौके पर उन्होंने सभी कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा 24 अक्तूबर हो रहे रैडक्रॉस मेले की तैयारियों के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने नायब तहसीलदार राजकुमार से भी मेले को लेकर चर्चा की। एस.डी.एम. पहले बद्दी तहसील में 3 साल तक सेवाएं दे चुके हैं, इसलिए उन्होंने कार्यभार संभालते ही सबसे पहले बद्दी तहसील का दौरा कर स्टाफ की गलतियों को पकड़ा व उन्हें भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी दी। 
 

kirti