इन 4 कर्मचारियों पर गिर सकती है गाज, पढ़ें क्या है कारण

Saturday, Mar 24, 2018 - 09:45 AM (IST)

सोलन : डी.सी. सोलन विनोद कुमार के औचक निरीक्षण से सोलन तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली ही कटघरे में खड़ी हो गई है। आलम यह है कि कुछेक कर्मचारियों के पास हाजिरी रजिस्टर में अपनी हाजिरी लगाने का भी समय नहीं है। एक कर्मचारी ने करीब 15 दिनों से हाजिरी ही नहीं लगाई हुई है। एक अन्य कर्मचारी की भी पिछले करीब 4 दिनों से हाजिरी नहीं लगी हुई। ये कर्मचारी छुट्टी पर हैं या फिर गैरहाजिर चले हुए हैं, मौके पर इसका रिकार्ड भी उपलब्ध नहीं हुआ है। इनके अलावा 2 अन्य कर्मचारी भी अपनी सीटों से नदारद पाए गए। हुआ यूं कि मंगलवार को डी.सी. सोलन ने तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले हाजिरी रजिस्टर को चैक किया। इसमें एक कर्मचारी की करीब 15 दिनों से हाजिरी ही नहीं लगी हुई थी, जबकि एक अन्य कर्मचारी की भी करीब 4-5 दिनों से हाजिरी नहीं लगी हुई थी।

निरीक्षण के दौरान तहसील कार्यालय में कई खामियां पाईं
इसको लेकर डी.सी. ने खूब लताड़ लगाई। इसके बाद उन्होंने तहसील कार्यालय का दौरा किया। वहां करीब 2 कर्मचारी भी अपनी सीट पर नहीं मिले। डी.सी. सोलन ने तहसीलदार से नदारद पाए गए कर्मचारियों की रिपोर्ट तलब की है। इन कर्मचारियों को अब कारण बताओ नोटिस भेजने की तैयारी हो गई है। बताया जा रहा है कि डी.सी. सोलन ने अपने इस निरीक्षण के दौरान तहसील कार्यालय में कई खामियां पाईं। उन्होंने इन्हें दूर करने के निर्देश दिए। यहां पर विदित रहे कि पिछले कुछ समय से लोग तहसील कार्यालय के कामकाज को लेकर सवाल खड़े करते आ रहे हैं। इस सम्बन्ध में लोगों ने डी.सी. सोलन को भी शिकायत की थी। इसके बाद ही डी.सी. सोलन ने तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। 

Punjab Kesari