चोरों ने फौजी के घर में लगाई सेंध, लाखों के गहने व नकदी पर किया हाथ साफ

Friday, Jun 07, 2019 - 07:16 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): पुलिस थाना अम्ब के तहत गांव पंजोआ में चोर गिरोह एक फौजी के घर में सेंध लगाकर लाखों के जेवरात व कैश ले उड़ा। रात को घर में सो रहे परिवार की मौजूदगी में चोरों ने एक कमरे की खिड़की की ग्रिल उखाड़कर घर में सेंध लगाई। सूचना मिलने पर अम्ब पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार घर की मालकिन तृप्ता देवी पत्नी राजकुमार ने बताया कि रात को वह अपनी माता रचना देवी के साथ घर में मौजूद थी जबकि उसके पति फौज में हैं और वर्तमान में अरुणाचल प्रदेश में सेवारत हैं जबकि बच्चे डी.पी.एस. डल्हौजी में पढ़ते हैं।

कमरों मे बिखरा पड़ा था सामान

तृप्ता देवी प ने बताया कि देर रात जब वह घर में सो रही थी तो रात करीब 12 बजे कुत्ते के भौंकने की आवाज आई और उसने उठकर घर के चारों तरफ नजर डाली। उस दौरान सबकुछ ठीक था। उसके बाद कुत्ते ने भौंकना बंद कर दिया और वह अपनी माता के साथ कमरे में सो गई। सुबह 4:30 बजे के करीब जब वह उठी तो कमरों में सामान बिखरा हुआ था और अलमारी, बैड, पेटी व कप बोर्ड खुले थे।

18 तोले सोने व चांदी के आभूषण व 70,000 नकद चोरी

उसने बताया कि चोर एक कमरे की खिड़की की ग्रिल उखाड़कर घर में दाखिल हुए थे और उन्होंने एक कमरे को छोड़कर सभी कमरों में कीमती सामान तलाशा है। उसने बताया कि चोर करीब 8 तोले सोना, 10 तोले चांदी के आभूषण व करीब 70,000 रुपए नकद चोरी करके ले गए हैं। घर में करीब 50,000 रुपए बच्चों की फीस के लिए रखे हुए थे।

क्या कहते हैं डी.एस.पी. अम्ब

डी.एस.पी. अम्ब मनोज जम्वाल का कहना है कि इस मामले में पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस ने पारिवारिक सदस्यों के बयान कलमबद्ध कर मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि लोग गांवों में घूम रहे संदिग्ध लोगों की सूचना पुलिस को दें।

Vijay