पंखे की कुंडी से फंदा लगाकर युवक ने दे दी जान

Saturday, Apr 03, 2021 - 04:13 PM (IST)

चम्बा (काकू): जिले की भडिय़ां कोठी पंचायत के लोहड़ी गांव में एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी है। युवक की पहचान विकास (21)पुत्र अमर सिंह निवासी गांव लोहड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। विकास मेहनत मजदूरी करता था। शुक्रवार को वह अपने घर पर ही था और दिन में अपने कमरे में सो गया था, लेकिन शाम तक वह नहीं उठा। जब शाम तक उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो उसके ताया ने उसे आवाजें लगाई, लेकिन उसे दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद ताया ने खिड़की की जाली से देखा तो वह अंदर कमरे में फंदे से लटका हुआ था।

यह देख ताया ने शोर मचाया। शोर मचाने पर आस-पास के ग्रामीण इक्ट्ठा हो गए। ग्रामीण खिड़की की जाली को फाड़कर वह अंदर पहुंचे तो देखा कि युवक फंदे से झूल रहा था। इसकी सूचना युवक के परिजनों व पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद युवक को फंदे से उतारा और मैडीकल कॉलेज चम्बा ले गए। यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक ने रस्सी को घर की छत से पंखे की कुंडी बांधकर फंदा लगा लिया था और अपनी इहलीला खत्म कर दी। शनिवार को मैडीकल कॉलेज चम्बा में युवक के शव का पोस्टमार्टम किया गया। एस.पी. अरूल कुमार ने मामले की पुष्टि की है।

Content Writer

Kaku Chauhan