नाहन मैडीकल कालेज फिर विवादों में, मृत बच्चे को गर्भ में लिए इलाज को भटकती रही महिला

Friday, Oct 05, 2018 - 09:56 PM (IST)

नाहन: डा. वाई.एस. परमार मैडीकल कालेज नाहन एक बार फिर विवादों में आ गया है। यहां एक गर्भवती महिला के पति ने अस्पताल प्रबंधन पर उसकी पत्नी के उपचार के दौरान लापरवाही का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार वीरवार देर रात करीब 9 बजे औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब से एक गर्भवती महिला दर्द के बाद उपचार के लिए मैडीकल कालेज नाहन पहुंची। करीब साढ़े 11 बजे महिला का अल्ट्रासाऊंड करवाया गया, जिसके बाद रिपोर्ट में महिला के पेट में बच्चा मृत पाया गया। महिला के पति का आरोप है कि रिपोर्ट के बाद भी उसकी पत्नी को शुक्रवार शाम करीब 4 बजे तक भी सही उपचार नहीं मिला।

शिकायत करने पर मिला इलाज जारी होने का जवाब
कालाअम्ब स्थिति एक इकाई में कार्यरत शिवा सोलंकी निवासी गांव कडोलह यू.पी. ने बताया कि बीती देर रात अस्पताल में भर्ती होने पर उसे कहा गया था कि प्रात:काल ही आपकी पत्नी का उपचार शुरू कर दिया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उसने बताया कि वीरवार रात्रि 9 बजे वह अपनी पत्नी रितु को लेकर मैडीकल कालेज नाहन पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसकी पत्नी का अल्ट्रासाऊंड किया तो पता चला कि उसके पेट में जो बच्चा है वह पहले ही मर चुका है। जब उसने सही तरीके से इलाज न होने की शिकायत अस्पताल प्रबंधन से की तो यह कहा गया कि महिला का इलाज जारी है।

क्या कहता है अस्पताल प्रबंधन
वहीं मैडीकल कालेज नाहन के मैडीकल अधीक्षक डा. सुनील कक्कड़ ने बताया कि  ऑप्रेशन करने के लिए इंकार नहीं किया गया है, ऐसे मामले में नॉर्मल डिलीवरी करवाने का प्रयास किया जाता है। चिकित्सक के अनुसार मरीज के पेट में पल रहा बच्चा मृत है। ऑप्रेशन करने के लिए चिकित्सक तैयार है मगर उसका पति कोई कनसैंट नहीं दे रहा है। महिला का उपचार किया जा रहा है।

Vijay